डीएम व एसपी ने पीईटी परीक्षा केन्द्र का किया निरीक्षण

    डीएम व एसपी ने पीईटी परीक्षा केन्द्र का किया निरीक्षण
– सीसीटीवी, पेयजल, बिजली व बैठने की व्यवस्था परखी
फोटो परिचय-  पीईटी परीक्षा केन्द्र का जायजा लेतीं डीएम व साथ में एसपी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शुक्रवार को परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अभ्यर्थियों के बैठने, शुद्ध पेयजल, शौचालय और विद्युत आपूर्ति सहित सभी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही परीक्षा में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता व पारदर्शिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता व मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए। जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की निगरानी में परीक्षा संचालित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *