तहसील राठ में किसान दिवस सम्पन्न, किसानों को आधुनिक खेती व सरकारी
योजनाओं की दी गई जानकारी
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — जनपद की तहसील राठ में बुधवार को किसान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल के निर्देशानुसार तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, बैंकिंग एवं सहकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप कृषि निदेशक हमीरपुर ने किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। किसान दिवस के माध्यम से किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
किसान दिवस में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उद्यान विभाग ने बागवानी एवं फलोत्पादन योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया। वहीं पशु चिकित्सा विभाग ने मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना और दुग्ध विकास योजनाओं की जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.पी. सोनकर ने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन, मृदा संरक्षण और उन्नत खेती की तकनीकों के बारे में जानकारी दी।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने किसानों को सब्जी, चारा और दलहनी फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों की रोकथाम के उपाय बताए। उन्होंने किसानों को सोलर लाइट ट्रैप, बर्ड पर्चर, ट्राइकोडर्मा और बायोपेस्टीसाइड्स के प्रयोग के लिए प्रेरित किया। उद्यान अधिकारी ने फल उत्पादन बढ़ाने और बागवानी की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
उप कृषि निदेशक ने कम पानी में होने वाली दलहन एवं तिलहन फसलों को अपनाने, बीजों की ऑनलाइन बुकिंग तथा बीज अनुदान योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि किसानों को समय पर विभागीय योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में बैंक एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), फसल बीमा, अल्पावधि ऋण एवं ब्याज सब्सिडी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। किसानों को समय पर ऋण अदायगी कर बेहतर सिविल स्कोर बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह ने किसानों को शपथ दिलाई कि वे पराली एवं फसल अवशेष नहीं जलाएंगे और उनका वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करेंगे। उन्होंने किसानों से जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट, संतुलित उर्वरक प्रयोग और जल संरक्षण अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि टिकाऊ और आधुनिक खेती ही भविष्य की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि किसानों को त्वरित राहत मिल सके और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, बैंक प्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक, किसान संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
