अग्निशमन स्मृति दिवस: शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, जागरूकता सप्ताह की शुरुआत

      जालौन में अग्निशमन स्मृति दिवस: शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, जागरूकता सप्ताह की शुरुआत
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन  — 14 अप्रैल 2026। जनपद में अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। 14 अप्रैल 1944 को बॉम्बे डाकयार्ड में हुए भीषण अग्निकांड में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों को नमन करते हुए जिलेभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।


इस अवसर पर अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग द्वारा 14 से 20 अप्रैल तक “अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह” की शुरुआत की गई। इस वर्ष की थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल, अग्नि सुरक्षा के लिए जागरूक समाज” रखी गई है, जिसके तहत पूरे जिले में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
अग्निशमन केन्द्र उरई सहित कोंच, माधौगढ़, कालपी और जालौन में शोक परेड आयोजित कर शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर वीरों के त्याग और साहस को याद किया।


कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों को पिन फ्लैग लगाकर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव संबंधी प्रचार सामग्री भी प्रदान की गई।
अग्निशमन विभाग की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे पुलिस अधीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आग से बचाव, प्राथमिक उपायों और आपातकालीन प्रतिक्रिया की जानकारी दी गई। अग्निशमन वाहनों पर लगे होर्डिंग्स के जरिए भी आमजन को सुरक्षा के संदेश दिए गए।
तहसील स्तर पर भी अधिकारियों द्वारा अभियान चलाकर पम्पलेट वितरण और रैलियों के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।


जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग से संपर्क करें, ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *