कलेक्ट्रेट सभागार में मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती

      संविधान निर्माता को नमन: कलेक्ट्रेट सभागार में मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — कलेक्ट्रेट सभागार में आज भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अधिकारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके विचारों को नमन किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद्र मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार एवं वरिष्ठ कोषाधिकारी अवनीश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिखाया गया समानता, न्याय और अधिकारों का मार्ग आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता—को आत्मसात कर ही एक सशक्त और समावेशी समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे जनता के प्रति संवेदनशीलता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और आत्मसम्मान की प्रेरणादायक गाथा है। उन्होंने सभी से अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने का आह्वान किया।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए जो कार्य किए, वे सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। वहीं अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद्र मौर्य ने उनके विचारों को समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *