गैर-इरादतन हत्या के मामले में फरार चार आरोपी गिरफ्तार, खून से सनी ईंट बरामद
दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज– कदौरा (जालौन) थाना कदौरा पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के एक मामले में वांछित चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सनी ईंट भी बरामद की है, जिसे हत्या के मामले में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चेकिंग के दौरान चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल के संबंध में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने रक्तरंजित ईंट बरामद कर ली।
बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।
