भैंस चोरी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, दो भैंस और पिकअप बरामद

  भैंस चोरी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, दो भैंस और पिकअप बरामद

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मलवां पुलिस ने भैंस चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की भैंस, घटना में प्रयुक्त पिकअप लोडर और 5,110 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से भैंस चोरी की चार घटनाओं का खुलासा हुआ है।

मलवां थाना प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार सुबह करीब 6:05 बजे कुंवरपुर रेलवे अंडरपास के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूरआलम उर्फ मंतजा निवासी कजियाना छोटी बजरिया, जीशान निवासी कजियाना छोटी बजरिया, शिवकुमार उर्फ छोटू निवासी जोनिहा और मो. सैब उर्फ सैफ निवासी निजामी चौराहा कजियाना, थाना बिंदकी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गिरोह बनाकर भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।

जांच में सामने आया कि 26 जुलाई को मलवां थाना क्षेत्र के सराय शहिजादा निवासी विद्या चरण के यहां से दो भैंस चोरी की गई थीं। इसके अलावा 10 और 11 जून की रात बादलपुर निवासी राजबहादुर और लालबहादुर के घर के बाहर से भी दो भैंस चोरी करने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिकअप लोडर संख्या यूपी 71 एटी 4173, दो चोरी की भैंस और पूर्व में बेची गई दो भैंसों से प्राप्त रकम में खर्च निकालने के बाद बचे 5,110 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ मलवां थाने में मुकदमा अपराध संख्या 165/2026 और 177/2026 के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज, उपनिरीक्षक बृजेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार, उपनिरीक्षक रितेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक मो. आमीन सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *