गंग नहर किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी

     गंग नहर किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी
– बकेवर पुलिस ने शिनाख्त के लिए आम लोगों से मांगी मदद
– अंगूठी पर लिखा सोनू, आखिर कौन है यह महिला?
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र में गंग नहर के किनारे करीब 35 से 40 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। विगत बारह अगस्त को बरिगवां के पास गंग नहर किनारे महिला का शव बरामद किया गया था। शव की हालत खराब होने के कारण अभी तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। बकेवर पुलिस अब महिला के शरीर से मिले कपड़ों और आभूषणों को पहचान का आधार बनाकर उसकी शिनाख्त कराने में जुटी है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों के लोगों से भी महिला की पहचान कराने में सहयोग की अपील की है।

महिला के हाथ से बरामद पीली धातु की अंगूठी पूरे मामले में सबसे अहम सुराग बनकर सामने आई है। पुलिस के अनुसार अंगूठी स्थानीय मेले में बनवाई हुई प्रतीत होती है और उस पर सोनू नाम लिखा हुआ है। पुलिस को उम्मीद है कि यदि किसी महिला के परिजन अथवा परिचित इस अंगूठी और अन्य सामान से उसे पहचानते हैं तो अज्ञात महिला की शिनाख्त हो सकती है। पुलिस के मुताबिक महिला ने ब्राउन प्रिंटेड फूलदार बॉर्डर वाली साड़ी पहन रखी थी। साड़ी का बॉर्डर और सिर पर ओढ़ने वाला पल्लू फूलदार व कढ़ाईदार था। साड़ी पर किसी प्रकार का ब्रांड, लोगो या अन्य पहचान चिह्न नहीं मिला। महिला के शरीर पर लाल रंग का पेटीकोट था। इसके अलावा सफेद रंग के धागे में काले और सफेद रंग की गुरिया तथा नीले रंग की फूलदार पैंटी मिली है। इन वस्तुओं पर भी कोई ब्रांड या लोगो अंकित नहीं था। बकेवर थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने अपील किया कि यदि उनके परिचितों, रिश्तेदारों अथवा आसपास के क्षेत्र में 35 से 40 वर्ष की कोई महिला लापता है और उसके कपड़े या आभूषण इस विवरण से मेल खाते हैं तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिला की पहचान अथवा उसके संबंध में कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिलने पर उसे पुलिस तक जरूर पहुंचाएं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
————————————– 

  नारायणी सेना के पदाधिकारियों को दिलाई शपथ
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। नारायणी सेना के संगठनात्मक विस्तार एवं जिम्मेदारियों के निर्वहन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक दरियामऊ हनुमान मंदिर में आयोजित किया गया।
बैठक में संचालक राज त्रिपाठी ने नारायणी सेना के समस्त सदस्यों को संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने तथा जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में संगठन की प्रमुख जिम्मेदारियां पांच पदाधिकारियों को सौंपी गईं। राज त्रिपाठी को राष्ट्रीय संचालक एवं मुख्य महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। आदर्श श्रीवास्तव को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। यश ठाकुर को सचिव एवं राष्ट्र संयोजक का दायित्व सौंपा गया। श्री गोपाल त्रिपाठी को राष्ट्र निर्देशक एवं संयोजक बनाया गया, जबकि शशांक त्रिवेदी को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की नीतियों और उद्देश्यों के अनुरूप पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने सभी पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। संचालक राज त्रिपाठी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य सभी सदस्यों को एकजुट करते हुए सामाजिक सरोकारों और जनहित के कार्यों को मजबूती से आगे बढ़ाना है।
—————————————– 


 दहेज हत्या का आरोपी गिरफ्तार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को ललौली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को शकरांपर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 220/2026, धारा 85/80(2) बीएनएस एवं 3/4 डीपी एक्ट थाना ललौली से संबंधित वांछित अभियुक्त साहिल सिंह पुत्र मिज्जी उर्फ इन्द्रजीत सिंह निवासी ग्राम ओनई मजरे कोरगनक को शकरांपर मोड़ से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना ललौली के उपनिरीक्षक रोहित कुमार व कांस्टेबल राम रतन शामिल रहे।
————————————— 

नाबालिग के अपहरण के आरोपी को पुलिस ने दबोचा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। नाबालिग के अपहरण के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को हुसैनगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को क्षेत्र के भिटौरा बाईपास से गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के मुताबिक मु0अ0सं0 197/2026, धारा 137(2)/87 बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त आशीष कुमार कोरी पुत्र मनोज कुमार निवासी ग्राम बनपुरवा मजरे बसोहनी थाना हुसैनगंज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि उक्त मुकदमे से संबंधित अपहृता को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनीश कुमार शुक्ल, कांस्टेबल विमल कुमार पाण्डेय, महिला कांस्टेबल शिवानी, थाना सोशल मीडिया सेल शामिल रहीं।

—————————————–  

  जर्जर छत गिरने से सगे भाई घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम ठकुराइनपुर मजरे उम्मेदपुर में बुधवार की सुबह जर्जर छत गिर जाने से दो सगे भाई दबकर घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार ठकुराइनपुर मजरे उम्मेदपुर गांव निवासी राजबहादुर का 18 वर्षीय पुत्र सुजीत अपने 08 वर्षीय भाई सुशील के साथ घर पर अकेला था तभी अचानक जर्जर छत भाईयों पर गिर गई। जिससे दोनों मलबे में दब गए। आस-पास के लोगों ने तत्काल मलबा हटाया और घायल भाईयों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। घटना के बाबत जानकारी मामा विनोद ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *