मेजर शैतान सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण, रेजांगला के वीरों को दी श्रद्धांजलि
मेजर शैतान सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण, रेजांगला के वीरों को दी श्रद्धांजलि
5100 दीप जलाकर शहीदों को किया नमन
– मेजर शैतान सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण, रेजांगला के वीरों को दी श्रद्धांजलि
फोटो परिचय- दीप जलाकर शहीदों को नमन करते यादव महासभा के पदाधिकारी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। रेजांगला घाटी के अमर वीर शहीदों की स्मृति में सैनिक गेस्ट हाउस में शौर्य दिवस श्रद्धा व राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। 1962 के भारत-चीन युद्ध में देश की रक्षा करते हुए सर्वाेच्च बलिदान देने वाले 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के 120 वीर जवानों की स्मृति में 5100 दीप प्रज्जवलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने रेजांगला युद्ध के महानायक परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद दीप प्रज्जवलित कर वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य व बलिदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि 18 नवंबर 1962 को रेजांगला की दुर्गम रणभूमि में मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 120 भारतीय सैनिकों ने अद्भुत वीरता का परिचय दिया था। उनका बलिदान भारतीय सैन्य इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। देश के लिए उनका त्याग और समर्पण सदैव आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र की एकता, अखंडता व सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम संयोजक सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष वीर सिंह यादव फौजी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी राजेश यादव, सुरेंद्र सिंह यादव, विनय यादव, राज यादव, अखिलेश यादव, कुंवर सिंह यादव, विकास यादव सहित समाज के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता व युवा मौजूद रहे। अंत में सभी ने वीर शहीदों को नमन करते हुए सैनिकों के सम्मान और राष्ट्र की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।