हमीरपुर ने रचा इतिहास: CM डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान
हमीरपुर ने रचा इतिहास: CM डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान
हमीरपुर ने रचा इतिहास: CM डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — वित्तीय वर्ष 2025-26 के चुनौतीपूर्ण समापन माह मार्च में जनपद हमीरपुर ने अपनी उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यशैली और टीम भावना का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (CM Dashboard) की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में ‘राजस्व एवं विकास’ के संयुक्त इंडेक्स के साथ-साथ ‘विकास कार्यों’ की पृथक श्रेणी में भी पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी जनपद ने मार्च माह की अंतिम रैंकिंग में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था, जिससे लगातार दूसरी बार यह उपलब्धि हासिल कर हमीरपुर ने अपनी कार्यकुशलता सिद्ध की है।
मार्च माह की यह रैंकिंग पूरे वर्ष के प्रदर्शन का वास्तविक प्रतिबिंब मानी जाती है। इस निर्णायक मूल्यांकन में जनपद ने प्रदेश सरकार की जन-कल्याणकारी मंशा के अनुरूप लगभग सभी फ्लैगशिप योजनाओं में ‘ग्रेड A’ और अधिकतम अंक प्राप्त किए। इससे यह स्पष्ट हुआ कि जिले में ई-गवर्नेंस, डेटा शुद्धता और जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन का प्रभावी समन्वय है।
जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व में जनपद के अधिकारियों, तकनीकी टीम और कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम के कर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर डेटा मॉनिटरिंग और पोर्टल प्रबंधन को सुदृढ़ किया। सीमित संसाधनों के बावजूद जिले ने प्रदेश के सभी 75 जनपदों को पीछे छोड़ते हुए सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के प्रमुख मानकों—समयबद्धता, गुणवत्ता और लाभार्थियों की संतुष्टि—पर जनपद के अधिकांश विभागों ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विशेष रूप से राजस्व संग्रहण, आधारभूत संरचना विकास और सामाजिक कल्याण योजनाओं में हमीरपुर ने नया मानक स्थापित किया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों, तहसील प्रशासन एवं कंट्रोल रूम के कर्मियों को बधाई देते हुए इसे टीमवर्क और अनुशासन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता पारदर्शी प्रशासन और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है तथा भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगी