अस्थायी गौशाला में अव्यवस्थाओं पर बवाल, संगठनों ने SDM को सौंपा ज्ञापन
अस्थायी गौशाला में अव्यवस्थाओं पर बवाल, संगठनों ने SDM को सौंपा ज्ञापन
कालपी की अस्थायी गौशाला में अव्यवस्थाओं पर बवाल, संगठनों ने SDM को सौंपा ज्ञापन दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन जालौन (कालपी)– नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित अस्थायी गौशाला में गोवंशों की लगातार हो रही मौत और अव्यवस्थाओं को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी (SDM) मनोज कुमार को ज्ञापन सौंपकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 11 अप्रैल 2026 को संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि गौशाला में कई गोवंश बीमार, कमजोर और भूख-प्यास से तड़पते हुए मृत पाए गए। जब कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मृत गायों को कुत्ते और पक्षी नोच रहे थे, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई थी।
संगठनों ने आरोप लगाया कि गौशाला में गोवंशों के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल और समय पर चिकित्सकीय सुविधाओं का अभाव है। इसके चलते लगातार गोवंशों की हालत बिगड़ रही है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि मामले में उच्च अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। संगठनों ने अधिशासी अधिकारी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उनके निलंबन और कठोर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा, मृत गोवंशों के निस्तारण की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। संगठनों ने मांग की है कि यह स्पष्ट किया जाए कि मृत पशुओं का विधिवत परीक्षण कराया गया या बिना जांच के ही उनका निस्तारण कर दिया गया।
हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे गोवंशों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।