यूपी टीईटी को लेकर हाई अलर्ट, सात परीक्षा केंद्रों पर रहेगी पैनी नजर

  यूपी टीईटी को लेकर हाई अलर्ट, सात परीक्षा केंद्रों पर रहेगी पैनी नजर
फोटो परिचय-  यूपी टीईटी परीक्षा को लेकर बैठक करतीं डीएम व अन्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आयोग की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से पहले अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर पेयजल, फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, पंखों और सीसीटीवी कैमरों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को भी सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने और शेष व्यवस्थाएं तत्काल पूरी कराने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश आयोग की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ही कराया जाए। सभी परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली जाए तथा महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला कर्मचारियों द्वारा ही कराई जाए। उन्होंने कक्ष निरीक्षकों का समय से प्रशिक्षण कराने और परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि यूपी टीईटी-2026 परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को जिले के 7 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को केवल प्रथम पाली में परीक्षा होगी। प्रथम पाली सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली के अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7.15 से 8.45 बजे तक, जबकि द्वितीय पाली के लिए दोपहर 12.15 से 1.45 बजे तक होगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी सदर, खागा एवं बिंदकी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी तथा परीक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *