675 विद्यार्थियों को बांटी होम्योपैथिक दवा,जल संरक्षण का दिलाया संकल्प

 675 विद्यार्थियों को बांटी होम्योपैथिक दवा
जल संरक्षण का दिलाया संकल्प
फोटो परिचय- बच्चों को दवा खिलाते रेडक्रास चेयरमैन डा. अनुराग श्रीवास्तव।
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, आरोग्य भारती, दि होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान व डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में मंगलवार को सदाशिव इंटर कॉलेज रेल बाजार में बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव और जल संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यालय के 675 विद्यार्थियों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होम्योपैथिक औषधि वितरित की गई।
कार्यक्रम का संचालन इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव, स्वच्छता अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सभी बच्चों को रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में सहायक होम्योपैथिक औषधि भी वितरित की। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने जल संरक्षण का महत्व बताते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को जल बचाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि जल की प्रत्येक बूंद अनमोल है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाना आवश्यक है। प्रधानाचार्य शिवराम ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षक, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रमुख सहयोगी सुरेश कुमार श्रीवास्तव तथा प्रबंध समिति सदस्य अभिनव श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *