ट्यूबवेल बंद होने से पानी को तरसे आवास विकास कॉलोनी के लोग

    ट्यूबवेल बंद होने से पानी को तरसे आवास विकास कॉलोनी के लोग
फोटो परिचय- डीएम को शिकायती पत्र देने जाते वार्ड सभासद दीपक कुमार मौर्य।
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। आवास विकास एवं आबूनगर रोड क्षेत्र में नगर पालिका के ट्यूबवेल की मोटर खराब होने से पेयजल संकट गहरा गया है। कई दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित होने से मोहल्लेवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में नगर पालिका परिषद फतेहपुर के वार्ड नंबर-02 के सभासद दीपक कुमार मौर्य ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है। सभासद ने बताया कि 22 जुलाई को नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा ट्यूबवेल की मोटर निकाल ली गई थी, लेकिन अब तक मोटर ठीक कराकर नहीं लगाई गई और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि पेयजल आपूर्ति ठप होने से क्षेत्र के लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सभासद ने डीएम से ट्यूबवेल की मोटर तत्काल ठीक कराकर अथवा नई मोटर लगवाकर जलापूर्ति बहाल कराने, लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की जांच कराने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *