इंडियन ऑयल ने लॉन्च किया 10 किलो का ‘एक्सट्रा लाइट नाउ’ फाइबर सिलेंडर
बिना पते के प्रमाण और नए कनेक्शन के मिलेगा सीधा लाभ
गैस किल्लत से बड़ी राहत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विगत 13 फरवरी 2026 से देश भर में नए घरेलू गैस कनेक्शन बंद होने के कारण आम जनता को रसोई गैस की किल्लत का सामना न करना पड़े, इसके लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने एक बेहद राहतकारी कदम उठाया है। कंपनी ने 10 किलोग्राम क्षमता वाला विशेष इंडेन एक्सट्रा लाइट नाउ – एफटीएल कंपोजिट सिलेंडर बाजार में उतारा है। विशुद्ध फाइबर से बना यह आधुनिक सिलेंडर न केवल सुरक्षित है, बल्कि इसके लिए किसी भी प्रकार के दस्तावेज़ या पते के प्रमाण की आवश्यकता नहीं है।
बिना कनेक्शन के सीधा विकल्प और ऐप से बुकिंग की सुविधा- कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह अतिरिक्त श्रेणी का एक विशेष विकल्प है, जिसके लिए उपभोक्ता को अलग से नया कनेक्शन लेने की कोई आवश्यकता नहीं है। कोई भी व्यक्ति किसी भी समय एजेंसी कार्यालय आकर इस सिलेंडर की जानकारी और इसकी डिलीवरी प्राप्त कर सकता है।
गैर-जनपद से स्थानांतरित होकर आने वाले लोगों, पढ़ाई के सिलसिले में शहर में रहने वाले छात्रों (जिनके पास पते का प्रमाण नहीं होता) और छोटे व्यवसायियों के लिए यह कंपनी की एक विशेष सौगात है। यह सभी वितरकों के पास आसानी से उपलब्ध है। इस सिलेंडर की बुकिंग ‘इंडियन ऑयल वन ऐप’ और वितरक केंद्र—दोनों माध्यमों से की जा सकती है।
