अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

   किसान दिवस में गूंजा किसानों का दर्द, उठी समस्याएं
– अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
– किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने व एफपीओ से जुड़ने की अपील
फोटो परिचय- किसान दिवस में भाग लेते एडीएम वित्त एवं राजस्व व अन्य।
फतेहपुर। विकास भवन सभागार में बुधवार को अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) विनय पाण्डेय की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने बिजली, सिंचाई, ट्रांसफार्मर व अन्ना मवेशियों समेत विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ किसानों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने का भरोसा दिलाया।

बैठक का संचालन करते हुए उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र ने पिछली किसान दिवस बैठक में प्राप्त शिकायतों के अनुपालन की जानकारी किसानों को दी। कृषि रक्षा अनुभाग के वरिष्ठ प्राविधिक सहायक शैलेश कुमार ने खरीफ फसलों में धान, अरहर, तिल, ज्वार, बाजरा समेत दलहनी व तिलहनी फसलों में कीट एवं खरपतवार नियंत्रण की जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने रबी फसलों के लिए कृषि निवेश और बीज की उपलब्धता की जानकारी देते हुए किसानों से राजकीय कृषि बीज भंडारों से अधिक से अधिक बीज बुक कराने की अपील की। उद्यान निरीक्षक सुनील कुमार ने उद्यान विभाग की योजनाओं व आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी दी। किसान दिवस में कोरारी निवासी बाबू सिंह ने बहुआ पावर हाउस क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या दूर कराने और नया पावर हाउस बनवाने की मांग की। हसवां ब्लाक के सीतापुर निवासी शिवधेश मौर्य ने गांव में लगे 63 केवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने तथा उससे जुड़े निजी नलकूप के कनेक्शन को हटाने की मांग रखी। मलवां ब्लाक के भाऊपुर निवासी रज्जन सिंह ने अन्ना मवेशियों को गौशालाओं में संरक्षित कराने की मांग की। वहीं प्रेमसागर मिश्र ने जगतपुर आदिल गांव में विद्युत आपूर्ति की समस्या दूर कराने तथा निजी नलकूपों के कनेक्शन कृषि फीडर से जोड़ने की मांग रखी। उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। इस मौके पर सिंचाई, निचली गंगा नहर, विद्युत, नलकूप, सहकारिता, ड्रेनेज, मत्स्य, पशुपालन, जल निगम ग्रामीण, खाद्य एवं विपणन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी के अलावा किसानों में लोकनाथ पाण्डेय, बाबू सिंह, रणविजय सिंह, रज्जन सिंह, शिवधेश मौर्य, प्रेमसागर मिश्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *