जनप्रतिनिधियों ने उठाईं समस्याएं, डीएम-एसपी ने अफसरों को कसा
जनप्रतिनिधियों ने उठाईं समस्याएं, डीएम-एसपी ने अफसरों को कसा
जनप्रतिनिधियों ने उठाईं समस्याएं, डीएम-एसपी ने अफसरों को कसा
– पुलिस लाइन में जनप्रतिनिधियों के साथ डीएम-एसपी की हुई बैठक
फोटो परिचय- डीएम-एसपी के साथ बैठक करते जनप्रतिनिधि। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान व विकास कार्यों में तेजी को लेकर बुधवार को प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों के साथ मंथन किया। पुलिस लाइन स्थित ऑफिसर गेस्ट हाउस में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपद के जनप्रतिनिधियों के साथ गोष्ठी कर क्षेत्रवार समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिस पर डीएम-एसपी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं को लंबित न रखा जाए। प्रत्येक मामले का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा निस्तारण की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने और शिकायतों का नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। गोष्ठी में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी, जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, बिन्दकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।