इकलासपुरा चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
इकलासपुरा चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
इकलासपुरा चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई अवैध रूप से सवारी ढो रही कार सीज, ब्लैक फिल्म और पटाखा साइलेंसर पर भी चला अभियान
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई – जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उरई के इकलासपुरा चौराहा क्षेत्र में यातायात प्रभारी (TSI) वीर बहादुर सिंह के नेतृत्व में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान एक प्राइवेट कार को रोका गया, जिसमें अवैध रूप से सवारी बैठाकर कानपुर ले जाया जा रहा था। जांच में वाहन का उपयोग नियमों के विरुद्ध किराए पर सवारी ढोने में पाया गया। मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पर वाहन को तत्काल प्रभाव से सीज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा ब्लैक फिल्म लगी एक कार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। साथ ही कई अन्य वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान काटे गए।
अभियान के दौरान पटाखा साइलेंसर (तेज/विस्फोटक ध्वनि उत्पन्न करने वाले) लगे बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। ऐसे वाहनों के चालान किए गए और कुछ मामलों में जब्ती की कार्रवाई भी हुई। इसके अतिरिक्त फॉल्टी, अस्पष्ट या नियमों के विपरीत नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी सख्ती दिखाई गई।
यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम दिन-रात, हर मौसम में आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर रहती है। यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, शांति व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
जनसामान्य से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय सभी निर्धारित मानकों का पालन करें, अवैध संशोधन से बचें और जिम्मेदार नागरिक बनें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। नशे की हालत में या तेज गति से वाहन चलाने से बचें।