गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि

गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि
– हथगाम में माल्यार्पण, वर्मा चौराहे पर गोष्ठी, विद्यार्थी के जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प
फोटो परिचय- गोष्ठी में विद्यार्थी जी को श्रद्धांजलि देते पत्रकार बंधु।

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर – ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर वर्मा चौराहा स्थित एक समाचार पत्र के कार्यालय में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इससे पूर्व वरिष्ठ पत्रकार व कवि शिवशरण बंधु के नेतृत्व में सुबह हथगाम में एसोसिएशन के सदस्यों ने विद्यार्थी जी की प्रतिमा व चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

वर्मा चौराहा में आयोजित गोष्ठी में संपादक व ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमरजीत सिंह ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं, मिशन बनाया। कानपुर में हिंदू-मुस्लिम दंगा शांत कराने के प्रयास में उन्होंने अपनी कुर्बानी दे दी। उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। जिलाध्यक्ष केके तिवारी ने विद्यार्थी जी का जीवन परिचय विस्तार से रखा।

उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर 1890 को प्रयागराज के अतरसुइया में जन्मे विद्यार्थी जी ने 1913 में कानपुर से साप्ताहिक प्रताप का प्रकाशन शुरू किया। प्रताप अखबार नहीं, अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बिगुल था। उन्होंने किसानों, मजदूरों व शोषितों की आवाज को बुलंद किया। 1929 में वे हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष भी रहे। 25 मार्च 1931 को दंगा शांत कराते हुए उन्होंने प्राण न्यौछावर कर दिए। गोष्ठी में संपादक जितेन्द्र त्रिवेदी ने कहा कि आज की पत्रकारिता में विद्यार्थी जी के सत्य, निर्भीकता और निष्पक्षता के मूल्यों को अपनाने की जरूरत है। इस मौके पर मनोज मिश्रा, सुधीर कुमार, सत्यम सिंह, शेखर अवस्थी, संतोष, सौरभ, अजय सहित ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तमाम सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *