सांप के काटने से मजदूर की मौत, गांव में शोक की लहर
सांप के काटने से मजदूर की मौत, गांव में शोक की लहर
सांप के काटने से मजदूर की मौत, गांव में शोक की लहर
दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज–कालपी (जालौन)। कालपी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंसगाया में सांप के काटने से एक मजदूर की मौत हो जाने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान छुन्ना बरार (55 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय कालीदीन बरार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार छुन्ना बरार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सांप के काटने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके चलते उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया।
मृत्यु की खबर मिलने पर जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व बसपा जिलाध्यक्ष अतर सिंह पाल तथा पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचे। वहां उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। बताया जाता है कि अतर सिंह पाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से वार्ता कर शव वाहन की व्यवस्था कराई, जिसके माध्यम से मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके गांव पहुंचाया गया।
इस दौरान अतर सिंह पाल ने परिजनों को आश्वासन दिया कि शासन स्तर पर उपलब्ध सहायता एवं दुर्घटना बीमा का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी दिव्यांग हैं। आरोप है कि उन्हें अब तक न तो प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है और न ही दिव्यांग पेंशन। परिवार वर्तमान में तिरपाल और पन्नी के सहारे रहने को मजबूर है।
शोक व्यक्त करने वालों में रामशंकर यादव, भोला अहिरवार, जगजीवन अहिरवार, अरविंद पाल, पूर्व कोटेदार पाल, ऋषभ चतुर्वेदी, राजू अहिरवार (सेक्टर अध्यक्ष), विवेक कुमार, सचिव पाल, साहिल पाल, बालालीन नेता जी, रामसनेही अहिरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।