जादूगर गोगा ने रोमांचक प्रदर्शन से दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध,नशा मुक्ति का बिगुल

 जादू के मंच से गूंजा नशा मुक्ति का बिगुल
– जादूगर गोगा ने रोमांचक प्रदर्शन से दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
फोटो परिचय- जादू के जरिए नशा मुक्ति का संदेश देते जादूगर।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज धाता, फतेहपुर। जादू की दुनिया के हैरतंगेज करतब व समाज को नई दिशा देने वाला जागरूकता संदेश, दोनों का अनूठा संगम सात दिवसीय जय किसान मानव मेले में देखने को मिला। कभी हवा में उड़ती वस्तुएं तो कभी पलक झपकते ही गायब होता सामान देखकर दर्शक दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए। प्रसिद्ध जादूगर रविन्द्र कुमार केसरवानी उर्फ गोगा ने अपने अनोखे जादुई प्रदर्शन से बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं जादू के हर रोमांच के बीच उन्होंने नशे की बढ़ती लत के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए युवाओं और समाज को जागरूकता का संदेश दिया।
नगर पंचायत धाता स्थित सूर्यकुंड पक्का तालाब परिसर में आयोजित मेले में इन दिनों सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम है। प्रतिदिन देर शाम रामलीला का मंचन हो रहा है, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार शाम उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ की ओर से मद्यनिषेध संगोष्ठी एवं जादू शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेला संरक्षक अल्प नारायण सिंह ने किया। मंच पर पहुंचे जादूगर रविन्द्र कुमार केसरवानी उर्फ गोगा ने एक के बाद एक ऐसे जादुई करतब दिखाए कि दर्शक अपनी नजरें मंच से नहीं हटा सके। हवा में उड़ती वस्तुएं, अचानक गायब होते सामान व पलभर में बदलते जादुई दृश्य देखकर पूरा मेला परिसर आश्चर्य और रोमांच से भर उठा। बच्चों के चेहरों पर उत्साह तो बड़ों में जादू के रहस्यों को जानने की उत्सुकता दिखाई दी। हर हैरतअंगेज करतब के बाद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से जादूगर का उत्साह बढ़ाया। जादुई प्रदर्शन के दौरान गोगा ने नशे के दुष्परिणामों को भी बेहद प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों और युवाओं पर विशेष ध्यान देने तथा उन्हें किसी भी प्रकार के नशे से दूर रखने की अपील की। कार्यक्रम में जादू के रोमांच के साथ सामाजिक सरोकारों का संदेश भी लोगों तक पहुंचा। मेले में मौजूद दर्शकों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि मनोरंजन के माध्यम से नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाना सराहनीय पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *