महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर

  महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर
– मिशन शक्ति की टीमों ने गांव से बाजार तक पहुंचाया जागरूकता का संदेश
फोटो परिचय-  महिलाओं को पंपलेट देकर जागरूक करती मिशन शक्ति टीम।

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज — फतेहपुर। महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों को लेकर पुलिस ने एक बार फिर जिलेभर में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। महिला सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न हो और जरूरत पड़ने पर पीड़ित महिलाओं को तत्काल पुलिस सहायता मिल सके, इसके लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत मंगलवार को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।

पुलिस की मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीमों ने गांवों की चौपाल से लेकर बाजारों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को जागरूक किया। साथ ही उन्हें सुरक्षा के अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और पुलिस की आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अथवा अन्य अपराध की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए मुसीबत के समय उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के प्रति आश्वस्त किया। वहीं बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के संबंध में भी जागरूक किया। पुलिस टीमों ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साइबर अपराध की शिकायत के लिए पोर्टल के उपयोग की प्रक्रिया भी बताई गई। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
———————————-
 फाइलेरिया की दवा खाएंगे तो परिवार हमेशा रहेगा सुरक्षित

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज — फतेहपुर। हसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अंतर्गत संचालित कार्यक्रम के अनुसार फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की समीक्षा किया गया। जिसमें जिला स्तरीय नोडल अधिकारी लालचंद गौतम एवं सीएचसी चिकित्सा अधीक्षक डा. अनुपम सिंह द्वारा किया गया। ब्लॉक में 194 टीम गठन किया गया है। जिसमें दो कर्मचारी लगे हुए हैं। आशा, आंगनबाड़ी व स्वयंसेवी कार्य करने हेतु लगाए गए है। जिसमें 33 सुपरवाइजर, आरआर टीम चार व मोबाइल टीम दो बने है। अभियान 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक आशा घर घर जाकर लोगों को दवा खिलाई जायेगी। जिसमें तीन प्रकार की दवा है। एलबेंडाजोल, डीईसी, इवरमेटिन टेबलेट लंबाई और उम्र के अनुसार खिलाई जाएगी। जिसमें मंगलवार को एकारी, रमवां व टीसी आयुष्मान आरोग्य मंदिर के अंतर्गत आने वाले टीमों को भी चेक किया गया। साथ ही साथ स्वास्थ्य दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत सभी कर्मचारी अधिकारी आशा, एएनएम, सीएचओ, संगिनी आदि का स्व जनगणना का सभी कराया गया है। इस मौके उपस्थिति कर्मचारी अनिल मौर्या, वीर बहादुर, जावेद आलम, कैलाश नाथ, हेमचन्द्र चौधरी, निरूपमा पाल, प्रतीक्षा शुक्ला, वंदना सिंह आदि कर्मचारी उपस्थिति रहे।
———————————- – 
 संदिग्ध हालत में युवक ने फांसी लगाकर दी जान

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर– थरियांव थाना क्षेत्र के मलांव गांव में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
जानकारी के अनुसार मलांव निवासी नरेंद्र कुमार (38) पुत्र स्व. रामभवन ने घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
———————————- 
 कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर– जहानाबाद थाना क्षेत्र के नेवरी जलालपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार जाफरगंज थाना क्षेत्र के देवरी बुजुर्ग गांव निवासी शिववरदानी (33) पुत्र शिवकुमार बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान जहानाबाद के नेवरी जलालपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल युवक को तत्काल सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *