संत वंदन अभियान से सामाजिक समरसता का दिया संदेश

   संत वंदन अभियान से सामाजिक समरसता का दिया संदेश
– तेईस मंडलों में मठ-मंदिरों तक पहुंचा भाजपा का अभियान
फोटो परिचय- मठ-मंदिरों मंे सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाते भाजपाई।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650 वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनपद में चलाए जा रहे समरसता यात्रा अभियान के अंतर्गत संत वंदन अभियान पूरे जनपद में व्यापक रूप से गतिमान है। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी जनपद के सभी 23 मंडलों के मठ-मंदिरों में पहुंचकर संतों का पूजन, माल्यार्पण एवं अभिनंदन कर रहे हैं और समाज में सामाजिक समरसता, समानता तथा भाईचारे का संदेश पहुंचा रहे हैं।
शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर, हनुमान मंदिर, पटेल नगर हनुमान मंदिर सहित विभिन्न मठ-मंदिरों में संत विजयदास महाराज, पुजारी अनिल कुमार शुक्ला, संत सुरेशानंद जी महाराज समेत अन्य संतों का विधिवत पूजन एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया गया। भाजपा पदाधिकारियों ने संतों के प्रति श्रद्धा निवेदित करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का संकल्प लिया। अभियान के संयोजक राम सजीवन कोरी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होने बताया कि 31 अगस्त तक जनपद के सभी 23 मंडलों में व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा। सह संयोजक पंकज त्रिपाठी, प्रसून तिवारी, राज बहादुर पासवान एवं धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को जाति-पंथ के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता और समानता का मार्ग दिखाया। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों को केवल पुस्तकों और आयोजनों तक सीमित न रखते हुए उन्हें समाज के व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाए। अभियान के दौरान भाजपा के सभी मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *