मारपीट से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत,अन्य दो आवश्यक खबरों के साथ
मारपीट से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत,अन्य दो आवश्यक खबरों के साथ
मारपीट से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के सरकी गांव में छह दिन पूर्व मारपीट के दौरान घायल हुए अधेड़ की लखनऊ पीजीआई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजन शव लेकर शहर आ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।
बताते चलें कि सरकी गांव निवासी जयकरन सिंह पुत्र स्व0 रामराज सिंह 47 वर्ष घर के बाहर बैठा था। तभी पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही चार लोगों ने उसे लाठी-डण्डों से पीट दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे उपचार के लिए पहले गाजीपुर सीएचसी ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां भी हालत में सुधार न आने पर चिकित्सकों ने कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने कुछ दिन इलाज करवाया लेकिन सुधार न होने पर पीजीआई लखनऊ ले जा रहे थे। तभी रास्ते में जयकरन सिंह ने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर फतेहपुर आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में घटना के बाबत जानकारी देते हुए मृतक के भाई गोलू सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की गई थी। चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। उधर पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। ————————————–
किशोर न्याय बोर्ड व बाल कल्याण समिति का नया ठिकाना तय – जयपुरिया स्कूल के पास नगर पालिका आश्रय स्थल के प्रथम तल से संचालन शुरू एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। किशोरों व बच्चों से जुड़े मामलों के निस्तारण की व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम उठाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति के लिए नगर पालिका के आश्रय स्थल जयपुरिया स्कूल के निकट स्थित भवन के प्रथम तल का अधिग्रहण किया गया है। भवन में आवश्यक मरम्मत आदि का कार्य पूरा कराने के बाद दोनों कार्यालयों से संबंधित संसाधन, अभिलेख और पत्रावलियों को सुरक्षित रूप से नए भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि किशोर न्याय बोर्ड और बाल कल्याण समिति के कार्यालयों का संचालन 31 अगस्त से नए भवन से शुरू हो गया है। दोनों कार्यालय अब नगर पालिका के आश्रय स्थल, जयपुरिया स्कूल के निकट, फतेहपुर के प्रथम तल पर संचालित होंगे। नए भवन में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, जिससे संबंधित कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में सुविधा होगी। —————————————–
सीएम अभ्युदय योजना में अतिथि व्याख्याताओं की होगी भर्ती – पंद्रह सितंबर तक जमा होंगे आवेदन एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित प्रशिक्षण केंद्रों में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराने के लिए अतिथि व्याख्याताओं का चयन किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि शासनादेश के तहत योग्य, अनुभवी और प्रोफेशनल व्याख्याताओं की सेवाएं अतिथि व्याख्याता के रूप में ली जाएंगी। विशेषज्ञ चयन समिति की अनुशंसा के बाद परीक्षण व्याख्यान और ट्रायल लेक्चर के आधार पर अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण केंद्रों में सूचीबद्ध किया जाएगा।
योजना के तहत यूपीएससी/यूपीपीएससी के लिए सामान्य विज्ञान/विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा नीतिशास्त्र विषय के अतिथि व्याख्याताओं का चयन होगा। वहीं नीट/जेईई के लिए भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान विषय के विशेषज्ञों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक विषय के लिए दो अतिथि व्याख्याताओं का चयन किया जाएगा। सिविल सेवा एवं पीसीएस के लिए विश्वविद्यालय अथवा राजकीय डिग्री कॉलेजों के शिक्षक, संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा अथवा पीसीएस साक्षात्कार में शामिल अभ्यर्थी तथा दो बार पीसीएस मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी पात्र होंगे। नीट के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से एमएससी अथवा एमबीबीएस, बीएएमएस या बीडीएस तथा जेईई के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से एमएससी, एमटेक अथवा बीटेक डिग्री धारक आवेदन कर सकते हैं। ख्याति प्राप्त कोचिंग संस्थान में तीन वर्ष के अध्यापन अनुभव वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। अतिथि व्याख्याताओं को प्रति 90 मिनट के व्याख्यान के लिए 2000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। सेवारत सरकारी सेवकों को शासनादेश के अनुसार प्रति सत्र 500 रुपये का भुगतान किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 03 सितंबर से 15 सितंबर तक सुबह 10 बजे से शाम चार बजे के बीच कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी से आवेदन फार्म प्राप्त कर जमा कर सकते हैं। विभाग ने योग्य एवं अनुभवी अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि में आवेदन करने की अपील की है।