दो मंदिरों की अराजकतत्वों ने प्रतिमाएं तोड़ सड़क पर फेंकीं,संदिग्ध हिरासत में,,

   दो मंदिरों की अराजकतत्वों ने प्रतिमाएं तोड़ सड़क पर फेंकीं
– एक संदिग्ध हिरासत में; बजरंग दल ने दी आंदोलन की चेतावनी

फोटो फीचर ए आई द्वारा,,
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर के रेल बाजार इलाके में अराजकतत्वों ने दो मंदिरों को निशाना बनाकर धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाली घटना को अंजाम दिया। शरारतीतत्वों ने मां दुर्गा व काली माता की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर सड़क पर फेंक दिया। सुबह घटना की जानकारी होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मंदिरों में तोड़फोड़ की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद रेल बाजार इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
———————————-  

 एसडीएम की पहल से दुरुस्त हुआ बस अड्डे का वाटर कूलर
– शिकायत मिलते ही एसडीएम ने दिए मरम्मत के निर्देश, अब मिलने लगा ठंडा पानी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर यात्रियों की परेशानी पर एसडीएम ने त्वरित संज्ञान लिया तो दो दिनों से खराब पड़ा बस अड्डे का वाटर कूलर दुरुस्त हो गया। पेयजल की समस्या से जूझ रहे यात्रियों को अब शुद्ध और शीतल पानी मिलने लगा है।
दरअसल खागा बस अड्डे पर लगा वाटर कूलर पिछले दो दिनों से खराब था। इसके चलते बसों से आने-जाने वाले यात्रियों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा था। कई यात्री बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर थे, तो कुछ अन्य स्रोतों से अपनी प्यास बुझा रहे थे। यात्रियों की शिकायत पर एसडीएम अश्वनी पांडेय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मरम्मत के निर्देश दिए। एसडीएम के निर्देश पर तहसील परिसर में लगे वाटर कूलर के साथ बस अड्डे के वाटर कूलर को भी ठीक कराया गया। इसके बाद यात्रियों को पेयजल की सुविधा मिलने लगी। समस्या का त्वरित समाधान होने पर यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत जताते हुए एसडीएम की पहल की सराहना की। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल व्यवस्था की नियमित देखरेख कराने की मांग की, ताकि यात्रियों को दोबारा इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
———————————— – 

   ससुराल से घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

– हेलमेट नहीं पहने था बाइक सवार, सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। धाता थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात सड़क हादसे में चित्रकूट निवासी 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपनी ससुराल से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। अढ़ौली इंटर कॉलेज के पास हुए हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई। पुलिस उसे सीएचसी धाता लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे को लेकर ब्रेकर से बाइक अनियंत्रित होने और अज्ञात वाहन की टक्कर लगने की अलग-अलग चर्चाएं हैं।
चित्रकूट जिले के परसौजा गांव निवासी शिव विशाल पुत्र चुन्नू फतेहपुर के निहालपुर मजरे जगजीवनपुर, सुल्तानपुर घोष स्थित अपनी ससुराल से बाइक लेकर घर जा रहा था। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह धाता थाना क्षेत्र के अढ़ौली इंटर कॉलेज के पास पहुंचा, तभी हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सड़क पर बने ब्रेकर से बाइक अनियंत्रित होकर गिरने की चर्चा है, जबकि कुछ लोगों ने अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की आशंका जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में युवक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर वाहन स्वामी का पता लगाकर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मृतक की शिनाख्त शिव विशाल के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए जांच की जा रही है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *