अपना दल एस की बैठक में मिशन 2027 पर हुआ मंथन

 अपना दल एस की बैठक में मिशन 2027 पर हुआ मंथन
– निष्क्रिय पदाधिकारियों पर हुई कार्रवाई
फोटो परिचय-  मासिक बैठक में भाग लेते पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के निर्देश पर सोमवार को चित्रांश नगर स्थित पार्टी कार्यालय में जिला इकाई की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। संचालन अरुण पटेल ने किया। बैठक में संगठन विस्तार मिशन 2027 की रणनीति और जनहित के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत जनस्वाभिमान दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुई। इस दौरान लगातार बैठकों से अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों को पदमुक्त करने का निर्णय लिया गया। पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए पूरे जिले में हर घर झंडा एवं नेम प्लेट अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने तथा मिशन-2027 को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया। सभी मंचों के जिलाध्यक्षों को अपनी-अपनी समितियों की बैठक जिला कार्यालय में आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही आगामी विधानसभा चुनाव में सफलता का आधार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। बैठक में किसानों को समय पर बिजली उपलब्ध न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। बिजली विभाग से कम से कम 18 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। वहीं उर्वरक के साथ किसानों को जबरन जिंक सल्फर दिए जाने से उन पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ पर भी चिंता व्यक्त की गई। जिला उपाध्यक्ष संस्कृत मंच गुलाब सिंह ने सथरियांव पावर हाउस क्षेत्र में केबिल बॉक्स सहित आवश्यक सुरक्षा कार्य न होने से बड़े हादसे की आशंका जताई। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह राणा ने खंभापुर रघुवंशपुरम में मार्ग न होने से लोगों के आए दिन चोटहिल होने का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की। बैठक में शिवशंकर पटेल, रमेश सिंह पटेल, बृजेश पाल, राजबहादुर पासवान, विपिन कौशल, पदम सिंह पटेल, दीपू पटेल, शिवप्रकाश रावत, हेमंत पटेल, दिलदार अली, आशीष पटेल, सर्वेश पटेल, डॉ. एनआर शर्मा, कांति कुशवाहा, कांति चौहान, अर्चना दुबे, ऋतिक उत्तम, सीता यादव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *