वीडियो बनाने से रोकने पर मां-बेटी से मारपीट का आरोप

 वीडियो बनाने से रोकने पर मां-बेटी से मारपीट का आरोप
– किशनपुर के गाटा गांव का मामला, युवक पर अभद्रता व धमकी देने का आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के गाटा गांव में वीडियो बनाने से रोकने को लेकर महिला व उसकी बेटी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही एक युवक पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। महिला ने मामले की जांच कराकर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है।

गाटा गांव निवासी संगीता देवी पत्नी बालचन्द्र शर्मा ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 27 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पति के साथ थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही गुड्डू यादव पुत्र उडन्ता यादव वीडियो बना रहा था। महिला ने वीडियो बनाने पर आपत्ति जताते हुए उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर युवक ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर गुड्डू यादव ने उनके साथ उनकी पुत्री के साथ भी मारपीट की। इसके साथ ही धमकी दी कि उसने उसकी पत्नी का वीडियो बना लिया है और उसे वायरल कर देगा। घटना के बाद पीड़िता ने 28 सितंबर को किशनपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की, लेकिन आरोप है कि मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि युवक इससे पहले भी उसकी पुत्री प्रान्वी देवी को रास्ते में आते-जाते समय कथित रूप से अश्लील बातें कहकर परेशान करता रहा है। लोकलाज के चलते परिवार ने पहले मामले को गंभीरता से नहीं उठाया, लेकिन बेटी की सुरक्षा को लेकर अब महिला ने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है। संगीता देवी ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
—————————————– 
   सपा की मासिक बैठक कल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में तीन अक्टूबर शनिवार को सुबह ग्यारह बजे पार्टी की मासिक बैठक आयोजित की जाएगी। जिला महासचिव चौधरी मंजर यार ने बताया कि बैठक पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित की जा रही है। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बैठक में समय से पहुंचने की अपील की है। बैठक में संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
————————————– 
   कटोघन के पास ट्रेन से कटकर अज्ञात युवक की मौत
– 25 वर्षीय युवक की पहचान में जुटी पुलिस
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। कटोघन रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। देर शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान के लिए उसके हुलिए, कपड़ों व अन्य उपलब्ध विवरणों के आधार पर जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही युवक के परिजनों और परिचितों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का परिजन या परिचित तीस सितंबर को लापता हुआ है और उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है तो वह कटोघन स्टेशन क्षेत्र की पुलिस या रेलवे पुलिस से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकता है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि युवक की पहचान या उसके संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाना अथवा रेलवे पुलिस को सूचना दें, जिससे मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी जा सके।
—————————————— 
जहर खा युवक ने दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला भिखारीपुर में मानसिक तनाव के चलते 32 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां उसे मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार भिखारीपुर मोहल्ला निवासी बाबू का पुत्र होरीलाल पिछले कई सालों से मानसिक तनाव में रहता था। बताते हैं कि बुधवार की दोपहर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगडने लगी तो परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे जहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज दौरान देर रात उसने दम तोड दिया। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
——————————————- 
सड़क हादसे में युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के शान्तीनगर के समीप जीटी रोड़ पर बुधवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार शहर क्षेत्र के पीरनपुर मोहल्ला निवासी रहीस अहमद का पुत्र अकील अहमद ई-रिक्शा चालक था। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात लगभग 10 बजे शान्तीनगर के समीप जीटी रोड़ पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से मौत हो गयी। घटना की सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
——————————————- 
   दो पक्षों में मारपीट, महिला समेत चार घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिले के मलवां में मामूली विवाद में दो पक्षों में मारपीट के दौरान एक पक्ष से महिला सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कालेज भर्ती कराया गया जहां एक की हालत गंभीर देख कानपुर हैलट के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि प्रधान फरीद के पुत्र अपने परिवार वालों के साथ मिलकर छेनू, शहंशा, लाला और शीबा के साथ मारपीट की है। मारपीट के दौरान घायल सहंसा को कानपुर हैलट के लिए भेज दिया गया है। बाकी अन्य का इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है। मलवां पुलिस की माने तो तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *