तीन विधानसभा क्षेत्रों में 18 हजार से अधिक नामों पर जताई आपत्ति
तीन विधानसभा क्षेत्रों में 18 हजार से अधिक नामों पर जताई आपत्ति
मतदाता सूची पर सपा का बड़ा दावा, तीन विधानसभा क्षेत्रों में 18 हजार से अधिक नामों पर जताई आपत्ति
संवाददाता दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ उरई (जालौन)। जालौन जिले में मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिले की तीनों विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों में बड़ी संख्या में नामों को संदिग्ध बताते हुए उनके सत्यापन की मांग उठाई है।
पार्टी का दावा है कि उसके स्तर पर किए गए सर्वे के दौरान डुप्लीकेट, मृत, स्थानांतरित और अन्य कारणों से संदिग्ध मतदाताओं के नाम सामने आए हैं। सपा के मुताबिक माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 7,336, उरई में 5,556 और कालपी विधानसभा क्षेत्र में 5,546 नामों को लेकर आपत्ति दर्ज की गई है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर यह संख्या 18,438 बताई गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह आंकड़े उसके द्वारा किए गए सर्वे और तैयार की गई सूची पर आधारित हैं। सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने निर्वाचन प्रशासन से इन सभी नामों की नियमानुसार जांच और सत्यापन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सूची में सामने आई आपत्तियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद नारायणदास अहिरवार समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि, सपा द्वारा उठाए गए नामों को फिलहाल निर्वाचन प्रशासन की ओर से फर्जी घोषित नहीं किया गया है। किसी मतदाता का नाम सही है अथवा उसमें कोई विसंगति है, इसका निर्णय निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के तहत जांच और सत्यापन के बाद ही होगा। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से 10 अप्रैल 2026 को 219-माधौगढ़, 220-कालपी और 221-उरई विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूचियां उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा नो-मैपिंग, तार्किक विसंगतियों और ASD मतदाताओं से संबंधित अलग-अलग सूचियां भी प्रकाशित की गई हैं। अब निगाहें निर्वाचन प्रशासन की आगामी जांच पर टिकी हैं। सत्यापन के बाद ही स्पष्ट होगा कि सपा द्वारा चिन्हित किए गए नामों में कितने मामलों में वास्तविक विसंगति सामने आती है और कितने नाम जांच में सही पाए जाते हैं। इस दौरान श्रीराम पाल, हरिओम उपाध्याय, जमालुद्दीन, समर सिंह चौहान, वेदप्रकाश यादव, सिद्धार्थ यादव, राजू अहिरवार, धीरेन्द्र सिंह सनी, हबीब चच्चा, बीरेन्द्र सिंह, कुसुमलता सक्सेना, रश्मि पाल, महेंद्र कठेरिया, अजीत सिंह यादव, शादाब खान समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।