जयंती पर दौड़े कदम, पैदल चाल प्रतियोगिता में 56 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
जयंती पर दौड़े कदम, पैदल चाल प्रतियोगिता में 56 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
गांधी जयंती पर दौड़े कदम, पैदल चाल प्रतियोगिता में 56 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाददाता दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ हमीरपुर। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित पैदल चाल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के कुल 56 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद सुबह 9 बजे महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण कर अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और वरिष्ठ नागरिकों ने माल्यार्पण कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद बालकों के लिए 5 किलोमीटर और बालिकाओं के लिए 3 किलोमीटर पैदल चाल प्रतियोगिता कराई गई। इसमें 38 बालकों और 18 बालिकाओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार ने हरी झंडी दिखाकर किया। बालक वर्ग में मयंक ने पहला, जनीत ने दूसरा और विकास ने तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं बालिका वर्ग में तनु प्रथम, साक्षी द्वितीय और साबरीन तृतीय रहीं। इसके अलावा बालक वर्ग में सत्यवीर, समर सिंह और मनोज तथा बालिका वर्ग में दुर्गा, वरीसा और नन्दनी को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विजेता और सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को हमीरपुर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, जिलाधिकारी अशोक कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह समेत अन्य अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर उप क्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद, जिला व्यायाम शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षक, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।