समर्थ शिशु श्रीराम कथा के दूसरे दिन गर्भ संस्कार के महत्व पर दिया मार्गदर्शन

    संतान के रूप में भी मिल सकते हैं भगवान: पं. श्याम
– समर्थ शिशु श्रीराम कथा के दूसरे दिन गर्भ संस्कार के महत्व पर दिया मार्गदर्शन
फोटो परिचय- कथा में प्रवचन करते पं. श्याम जी मनावत।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विद्या भारती द्वारा मार्गदर्शित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज वीआईपी रोड में आयोजित पांच दिवसीय समर्थ शिशु श्रीराम कथा के दूसरे दिन बुधवार को दीप प्रज्जवलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कथा व्यास पंडित श्याम जी मनावत ने श्रद्धालुओं को गर्भ संस्कार, संतान के संस्कार व आदर्श पारिवारिक जीवन के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

कथा के दौरान पंडित श्याम जी मनावत ने कहा कि महाराजा दशरथ को पुत्र के रूप में भगवान श्रीराम की प्राप्ति हुई, वहीं महाराज हिमाचल को कन्या के रूप में जगदंबा मिलीं और मीरा ने पति के रूप में परमेश्वर को प्राप्त किया। ये प्रसंग बताते हैं कि यदि मनुष्य के विचार, आचरण और साधना श्रेष्ठ हों तो उसके घर संतान के रूप में भी भगवान का आगमन हो सकता है। उन्होंने महाराज मनु व महारानी सतरूपा का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि उन्होंने भगवान को संतान के रूप में प्राप्त करने का संकल्प लिया और कठोर साधना के बल पर यह वरदान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के विचार, आचरण और संस्कारों का प्रभाव संतान पर पड़ता है। इसलिए गर्भधारण से पहले व गर्भावस्था के दौरान सकारात्मक विचार, धार्मिक वातावरण और श्रेष्ठ संस्कारों का विशेष महत्व है।

कथा व्यास ने श्रीमद्भागवत के प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि गलत समय और अनुचित परिस्थितियों में गर्भधारण के कारण कश्यप ऋषि और दिति के यहां हिरण्याक्ष तथा हिरण्यकश्यप जैसे असुरों का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि संतान के उत्तम व्यक्तित्व व संस्कारों के निर्माण में माता-पिता दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पिता बीज है और माता भूमि, दोनों के आचार-विचार का प्रभाव संतान के व्यक्तित्व में दिखाई देता है। कार्यक्रम में विद्या भारती कानपुर प्रांत के प्रांत मंत्री प्रहलाद, संगठन मंत्री रजनीश, प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद मिश्रा, विशिष्ट अतिथि सरस्वती विद्या मंदिर देवीगंज की प्रबंध समिति के अध्यक्ष मधुसूदन दीक्षित, सरस्वती शिशु मंदिर चौक की प्रधानाचार्या वर्षा, मुख्य यजमान अनूप अग्रवाल सहित प्रबंध समिति के सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों का परिचय एवं सम्मान विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह ने कराया। कथा के दूसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *