जालौन में स्लीपर बसों पर चला ‘ऑपरेशन कवच-2.0’, पांच बसों पर कार्रवाई

   जालौन में स्लीपर बसों पर चला ‘ऑपरेशन कवच-2.0’, पांच बसों पर कार्रवाई

मानकों की अनदेखी और नियम विरुद्ध संचालन पर बसें निरुद्ध, यात्रियों को रोडवेज बसों से पहुंचाया गया गंतव्य तक

संवाददाता दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ उरई (जालौन)। यात्रियों की सुरक्षा और स्लीपर बसों में निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर परिवहन विभाग ने जनपद में ‘ऑपरेशन कवच-2.0’ के तहत 24 घंटे विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। तीन दिवसीय यह अभियान 28, 29 और 30 सितंबर को संचालित किया जा रहा है।

परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में बस-बॉडी कोड, निर्धारित ऊंचाई के मानकों, अतिरिक्त सामान व कैरियर पर क्षमता से अधिक लोड तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की जांच की जा रही है। जनपद में एक अधिकारी की कमी को देखते हुए अभियान में अन्य संभाग के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। अभियान के तहत 28 सितंबर की रात से 29 सितंबर के पूर्वाह्न तक पांच स्लीपर बसों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जालौन राजेश कुमार ने नियम विरुद्ध मिली दो स्लीपर बसों के खिलाफ चालान व निरुद्ध करने की कार्रवाई की। वहीं झांसी के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) हेमचंद्र गौतम ने दो स्लीपर बसों तथा यात्रीकर/मालकर अधिकारी जालौन आनंद राय कुरील ने एक स्लीपर बस के खिलाफ कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद संबंधित बसों को जनपद के विभिन्न थानों में निरुद्ध कराया गया।

इसके अलावा अभियान के दौरान अन्य नियमों के उल्लंघन में भी बड़ी संख्या में बसों के चालान किए गए। यात्रियों को नहीं होने दी परेशानी परिवहन विभाग ने कार्रवाई के दौरान यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा। निरुद्ध की गई बसों में सवार यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, उरई की बसों के सहयोग से वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था कराई गई। परिवहन विभाग के अनुसार यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और बस संचालन को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन कवच-2.0’ अभियान अग्रिम आदेशों तक लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *