एसपी ने साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर जवानों की कराई दौड़

 एसपी ने साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर जवानों की कराई दौड़
– परेड से लेकर अर्दली रूम तक परखी व्यवस्था
फोटो परिचय-  साप्ताहिक परेड का निरीक्षण करते एसपी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज  फतेहपुर। पुलिस लाइन में शुक्रवार को अनुशासन, फिटनेस व कार्य कुशलता का संगम देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने साप्ताहिक परेड की सलामी लेने के बाद जवानों की शारीरिक दक्षता परखी और पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर कानून व्यवस्था के लिए पुलिस बल का शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह फिट होना आवश्यक है।
शुक्रवार सुबह आयोजित साप्ताहिक परेड में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी, यातायात शाखा के पुलिस कर्मी तथा पुलिस लाइन में तैनात जवान शामिल हुए। एसपी ने परेड का निरीक्षण कर जवानों की वर्दी, अनुशासन और कदमताल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों की शारीरिक क्षमता को बनाए रखने के उद्देश्य से दौड़ कराई गई। टोलीवार ड्रिल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, जिससे पुलिस बल हर चुनौती से निपटने के लिए सदैव तैयार रहे। परेड समाप्त होने के बाद एसपी ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द, कैंटीन, वर्दी स्टोर, आवासीय कॉलोनी, परिवहन शाखा, यूपी-112 शाखा तथा पीआरवी वाहनों का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की स्थिति, संसाधनों की उपलब्धता, साफ-सफाई और रखरखाव का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी तो उसका सीधा असर पुलिसिंग की गुणवत्ता पर भी दिखाई देगा। एसपी ने साप्ताहिक अर्दली रूम में विभिन्न शाखाओं के रजिस्टरों और अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने, कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *