नवीन मंडी स्थल की सफाई व्यवस्था की खुली पोल, भर गई नाली

    नवीन मंडी स्थल की सफाई व्यवस्था की खुली पोल
– एक ही बरसात में भर गई नाली
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। नगर के बाईपास स्थित नवीन मंडी स्थल की सफाई व्यवस्था की उस समय पोल खुल गयी जब नगर में थोड़ी ही बरसात में सड़कों के ऊपर पानी भर गया। नालियों मे सडी गली सब्जियों ही नालियों मे बजबजा रही हैं।
मंडी की कई बार गंदगी की खबरें प्रकाशित की गयीं पर जिम्मेदार अधिकारी के कानो में जूँ तक नहीं रेंगी, सफाई की तरफ ध्यान नहीं देते हैं। वहीं मंडी के जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ मंडी के सड़कों पर अवैध तरीके से दुकाने लगवाकर सिर्फ उगाही पर ही ध्यान दे रहे हैं। जिम्मेदार भारत सरकार व प्रदेश सरकार की स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रहे हैं। मंडी परिसर मे गंदगी का अंबार ही लगा रहता है। इस भयंकर गर्मी मे सड़ी गली सब्जियों की बदबू बीमारी का बढ़ावा दे रही है। नवीन मंडी में हर दिन सुबह हजारों की संख्या में आने वालों किसान व खरीददारों के साथ स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। मंडी सचिव सतीश चंद्र तिवारी ने बताया कि सफाई व्यवस्था दोनों समय नियमानुसार की जा रही है।
—————————————- 
अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत बीते चौबीस घंटों के अंतराल में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हथगाम थाना क्षेत्र के मखदूमपुर गांव निवासी स्व0 हरीप्रसाद का बीस वर्षीय पुत्र अजीत कुमार गुरूवार की सुबह खेतों में काम कर रहा था, तभी लगभग सुबह साढ़े छह बजे बारिश होने लगी। जिससे बचने के लिए वह महुआ के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी तेज आवाज के साथ बिजली कड़की और पेड़ पर गिर गई। जिसकी चपेट में आकर उसकी मौके पर मौत हो गई। इसी प्रकार बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तेंदुली निवासी सूरजभान यादव का 15 वर्षीय पुत्र आयुष यादव उर्फ चुन्नू यादव बुधवार की दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे खेत गया था। तभी बारिश के दौरान वह पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे वह चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
————————————- –
   युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम पथरी मजरे अढ़ावल में गुरूवार की सुबह घरेलू कलह के चलते 31 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार पथरी मजरे अढ़ावल गांव निवासी रामआसरे निषाद का पुत्र अमित कुमार निषाद ने गुरूवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के भाई सुखदेव ने बताया कि उसकी भाभी अनीता एक सप्ताह पूर्व मायके चली गई थी। जिसके बाद भाई शराब पीने लगा था और आज सुबह उसने फांसी लगा ली। मृतक अपने पीछे छह वर्षीय पुत्र आयुष, ढाई वर्षीय पुत्र अभिषेक व आठ वर्षीय पुत्री हिमांशी को छोड़ गया है।
————————————– –
करंट की चपेट में आकर महिला की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रतवाखेड़ा में गुरूवार की सुबह करंट की चपेट में आ जाने से 22 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रतवाखेड़ा गांव निवासी रंजीत की पत्नी शैलजा देवी सुबह घरेलू कार्य कर रही थी। तभी अचानक बाहर जाते समय टीन की चादर में उतर रहे करंट की चपेट में आ गई जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————- —
पुलिस ने बंद कमरे से बरामद किया वृद्धा का शव
– मृतका की पुत्री ने भाभी पर मढ़ा हत्या का आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पिलखिनी में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने बंद घर से 80 वर्षीय वृद्ध महिला का शव बरामद करते हुए विच्छेदन गृह भेजा है। मृतका की पुत्री ने अपनी भाभी पर हत्या की आशंका जाहिर की है।
जानकारी के अनुसार पिलखिनी गांव निवासी स्व0 गयादीन विमल की पत्नी शिवदेवी का बुधवार की शाम ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने बंद कमरे से शव बरामद किया। मृत मिली वृद्धा का शव इस कदर सड़ गया था कि उसमें कीड़े पड़ गए थे। उधर पुलिस ने मृतका के परिजनों को जानकारी दी। जिस पर बड़ी बेटी सुनीता ने पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचकर बताया कि उनकी मां 24 जून को मेरठ से घर आई थी। उसी दिन उसकी भाभी ज्योति भारती पत्नी स्व0 वीरेन्द्र भी इलाहाबाद से पिलखिनी गांव पहुंची थी। उसको शक है कि भाभी ने ही प्रापर्टी के लालच में मां की हत्या की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा।
————————————– –
सड़क हादसे में बाइक सवार घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लोधीगंज एनएच-2 में गुरूवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 50 वर्षीय बाइक सवार घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के विनोवा नगर निवासी स्व0 गट्टू का पुत्र बिल्लू गुरूवार की सुबह बाइक से किसी काम से जा रहा था। जब वह लोधीगंज के समीप पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *