केंद्रों पर लक्ष्य पूरा करने की तैयारी,अब तक 14,160 क्विंटल गेहूं की खरीद

     केंद्रों पर लक्ष्य पूरा करने की तैयारी, अब तक 14,160 क्विंटल गेहूं की खरीद
फोटो परिचय-  गेहूं खरीद केन्द्र का दृश्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। शासन द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए संचालित क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया लगातार जारी है। खागा नगर स्थित गेहूं क्रय केंद्र प्रथम एवं द्वितीय पर अब तक कुल 14,160 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। दोनों केंद्रों को मिलाकर 16,000 क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे शीघ्र पूरा करने का दावा केंद्र प्रभारियों ने किया है।
गेहूं क्रय केंद्र प्रथम पर अब तक 6,992 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है, जबकि गेहूं क्रय केंद्र द्वितीय पर 7,168 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। इस प्रकार दोनों केंद्रों पर कुल खरीद 14,160 क्विंटल पहुंच गई है। लक्ष्य के सापेक्ष अब केवल 1,840 क्विंटल गेहूं की खरीद शेष है। क्रय केंद्र प्रभारी अखिलेश कुमार एवं द्वितीय क्रय केन्द्र प्रभारी खुशबू देवी ने बताया कि केंद्रों पर किसानों से निर्धारित मानकों के अनुसार गेहूं की खरीद की जा रही है। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है और किसानों का अच्छा सहयोग मिल रहा है। प्रभारियों ने विश्वास जताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शेष लक्ष्य भी पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि जिन किसानों ने अभी तक अपना गेहूं नहीं बेचा है, वे केंद्रों पर पहुंचकर समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं। शासन की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक किसानों से गेहूं खरीद सुनिश्चित की जा रही है। गेहूं खरीद की प्रगति से संबंधित आंकड़े बताते हैं कि दोनों केंद्र लक्ष्य के काफी करीब पहुंच चुके हैं और जल्द ही 16 हजार क्विंटल का निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।
————————————— —
सीएम मत्स्य सम्पदा समेत तीन योजनाओं के लिए आवेदन शुरू
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के मत्स्य पालकों, नाव संचालकों एवं मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए अच्छी खबर है। मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की विभिन्न लाभकारी योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक लाभार्थी आठ जून से 28 जून तक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सहायक निदेशक मत्स्य ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा संचालित तीन प्रमुख योजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना तथा सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम की स्थापना योजना शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य होगा। योजनाओं के अंतर्गत परियोजना का विवरण, इकाई लागत, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक अभिलेखों की जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदक आवेदन करने से पूर्व सभी दिशा-निर्देशों का भलीभांति अध्ययन कर लें। मत्स्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी योजना के प्रावधानों में संशोधन किया जाता है तो संशोधित नियम ही प्रभावी होंगे। साथ ही पूर्व वर्षों में जिन आवेदकों के आवेदन निरस्त हो गए थे अथवा प्रतीक्षारत हैं, वे भी पुनः आवेदन करने के पात्र होंगे। विभाग की ओर से बताया गया कि योजनाओं के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी या मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यालय सहायक निदेशक मत्स्य, अम्बेडकर स्कूल के बगल वाली गली, सीओ सिटी कार्यालय के पास, रानी कॉलोनी, आबूनगर, फतेहपुर में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं। मत्स्य विभाग की इन योजनाओं का उद्देश्य मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देना, आधुनिक तकनीकों को प्रोत्साहित करना तथा मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों की आय में वृद्धि करना है। विभाग ने पात्र लाभार्थियों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
—————————————— —
  फेरबदल: दो उपनिरीक्षकों को मिली थानों की कमान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने दो उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें थानों की जिम्मेदारी सौंपी है।
जारी आदेश के अनुसार अपराध शाखा में तैनात उपनिरीक्षक योगेश कुमार को थानाध्यक्ष किशनपुर नियुक्त किया गया है। वहीं उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह, जो अब तक पुलिस लाइन में तैनात थे, को थानाध्यक्ष खखरेरू बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नव नियुक्त दोनों थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस विभाग की ओर से जारी स्थानांतरण सूची के बाद संबंधित अधिकारियों ने अपने नए कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जनपद के पुलिस महकमे में हुए इस बदलाव को लेकर पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
————————————— 
  नाबालिग अपहृता सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कल्यानपुर पुलिस ने नाबालिग अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया तथा मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना कल्यानपुर पुलिस ने मु0अ0सं0-138/26, धारा 137(2)/87 बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त मनोज पुत्र चंद्रभान रैदास निवासी आऊ थाना अतर्रा जनपद बांदा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मामले से संबंधित नाबालिग अपहृता को 07 जून को सकुशल बरामद कर लिया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को सोमवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनुज मिश्रा, महिला आरक्षी पूजा यादव तथा कांस्टेबल नीलेश कुर्मी शामिल रहे।
——————————————- —
वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत, साथी घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम नेवलापुर के समीप सोमवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां एक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मलवां थाना क्षेत्र के कोराई गांव निवासी मेघा का 35 वर्षीय पुत्र पतराखन गांव के ही उमेश उर्फ हन्ना पुत्र सोहनलाल 35 वर्ष के साथ बाइक से शहर बर्फ खरीदने आ रहे थे। बताते हैं कि जैसे ही ये लोग नेवलापुर के समीप पहुंचे तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने उमेश उर्फ हन्ना को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस ने जिला चिकित्सालय मार्च्युरी पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
——————————————- 
  दो किशोरियों ने फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरौंहा में बीमारी से तंग 13 वर्षीय किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली वहीं मलवां थाना क्षेत्र के धर्मपुर मजरे असवार तारापुर में मां की डांट से क्षुब्ध 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार बरौंहा गांव निवासी स्व0 रामबाबू की पुत्री रूपा देवी पिछले दो वर्षों से बीमार चल रही थी। परिजनों ने काफी इलाज करवाया लेकिन कोई फायदा न हुआ। बीमारी से तंग आकर बीती रात उसने उस वक्त आत्महत्या कर ली जब परिजन गहरी नींद सो रहे थे। वहीं मलवां थाने के धर्मपुर मजरे असवार तारापुर निवासी सालिगराम की पुत्री ऊषा देवी को रविवार की शाम मां से काम न करने के पीछे डांट-डपट दिया। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
—————————————– 
मामूली विवाद में दो पक्षों में चले लाठी-डण्डे, तीन घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के कस्बा बहुआ मुहल्ला कृष्णानगर पश्चिम में रविवार की देर शाम मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी-डण्डे चल गए। जिससे दोनों ओर से तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार कृष्णानगर पश्चिम मुहल्ला निवासी मो0 शाहिद पुत्र अब्दुल मजीद 27 वर्ष व छोटू पुत्र कल्लू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से लाठी-डण्डा निकल आए और एक-दूसरे पर चलने लगे। जिससे एक पक्ष से मो0 शाहिद, साहिल घायल हो गए। जबकि दूसरी ओर से छोटू व उसकी बहन वकीला घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने के बाद उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। जहां इलाज के दौरान छोटू की मां ने बताया कि आज उसकी नातिन की शादी है। जिस पर उसका दामाद मो0 शाहिद नशे में धुत होकर आया था और गाली-गलौज कर एक हजार रूपए मांग रहा था। न देने पर उसने अपने भाई व अन्य लोगों के साथ मिलकर लाठी-डण्डा व धारदार हथियार मारकर घायल कर दिया। जबकि मो0 शाहिद का कहना है कि मामूली बात को लेकर घर में घुसकर उसके व उसके परिजनों पर जानलेवा हमला किया गया है।
—————————————- –
   कुत्ते के हमले से किशोर जख्मी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर में सोमवार की सुबह दुकान से सामान लेकर घर वापस आ रहे दस वर्षीय किशोर पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मणपुर गांव निवासी अनिल कुमार का पुत्र प्रशांत सुबह दुकान से सामान लेकर घर वापस आ रहा था जैसे ही वह घर के पास पहुंचा तभी आवारा कुत्ते ने उस पर हमला बोल दिया जिससे वह घायल हो गया। परिजन उसे लेकर जिला चिकित्सालय लेकर आए। जहां भर्ती कर उसका उपचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *