बारिश बनी मुसीबत: तालाब के पानी में घिरा छिवलहा,बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

बारिश बनी मुसीबत: तालाब के पानी में घिरा छिवलहा
– घर बने टापू रास्ते बंद, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
– पड़ोसियों की छतों से निकलने को मजबूर ग्रामीण
फोटो परिचय-  बारिश के कारण तालाब के पानी से घिरे घरों का दृश्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हथगाम विकास खंड के अंतर्गत छिवलहा कस्बे में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था बरसात के मौसम में स्थानीय परिवारों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। बाजार क्षेत्र के समीप स्थित दो पुराने तालाबों के आसपास रहने वाले परिवारों का कहना है कि बारिश के दिनों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से तालाब का पानी उनके घरों और रास्तों तक पहुंच जाता है।

तालाब के समीप नवाब अली परिवार के आसपास रहने वाले करीब एक दर्जन परिवार बरसात में जलभराव से बुरी तरह प्रभावित बताए जा रहे हैं। स्थिति यह हो जाती है कि कई घर पानी से घिरकर टापू जैसे दिखाई देने लगते हैं। घरों के सामने कई फीट तक पानी जमा रहने के कारण लोगों का सामान्य आवागमन तक बाधित हो जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार जलभराव के कारण मुख्य रास्ते बंद हो जाने पर प्रभावित परिवारों को दूसरे छोर तक पहुंचने के लिए पड़ोसियों की छतों और वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। जलभराव के दौरान बच्चों का स्कूल जाना लगभग बंद हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक लंबे समय से इस समस्या को लेकर चुनाव के दौरान भी नाराजगी सामने आती रही है। प्रभावित परिवार कई बार चुनाव बहिष्कार की चेतावनी तक दे चुके हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मामूली लागत में बनने वाले पहुंच मार्ग और जल निकासी की व्यवस्था तक लंबे समय से नहीं कराई गई। छिवलहा क्षेत्र में बाजार, जनता इंटर कॉलेज सहित कई प्रमुख संस्थान और आवागमन के स्थानीय मार्ग हैं। रक्षाबंधन, दीपावली, दशहरा व अन्य अवसरों पर बाजार में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जल निकासी की समस्या का समाधान केवल कुछ परिवारों तक सीमित मुद्दा नहीं, बल्कि कस्बे की बुनियादी सुविधा से जुड़ा विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *