कानून का राज कायम करने से लेकर मस्जिद पुनः स्थापित कराने तक उठाई आवाज
कानून का राज कायम करने से लेकर मस्जिद पुनः स्थापित कराने तक उठाई आवाज
सहारनपुर मस्जिद प्रकरण पर वामदलों का हल्लाबोल
– कानून का राज कायम करने से लेकर मस्जिद पुनः स्थापित कराने तक उठाई आवाज
फोटो परिचय- तहसील प्रांगण में प्रदर्शन के पश्चात ज्ञापन सौंपते वामदलों के कार्यकर्ता। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था समेत विभिन्न जन मुद्दों को लेकर वामदलों ने प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत मंगलवार को खागा तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सहारनपुर में मस्जिद तोड़े जाने के मामले को लेकर कड़ी नाराजगी जताई और इसे सांप्रदायिक सौहार्द के लिए गंभीर रूप से चिंताजनक बताया। धरने के बाद वाम दलों के प्रतिनिधियों ने चार सूत्री मांगों वाला ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को भेजा।
वाम दलों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून का शासन कमजोर हो रहा है और भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली तथा मुख्यमंत्री के शासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सहारनपुर मस्जिद प्रकरण का उल्लेख करते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्ष 1911 में निर्मित मस्जिद से जुड़े दस्तावेज करीब एक सदी पुराने हैं। इसके बावजूद मस्जिद को कथित रूप से गलत तरीके से तोड़े जाने की घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से प्रदेश का सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाते हुए वाम दलों ने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल में नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति के जरिए जनता का ध्यान मूल समस्याओं से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में प्रदेश में कानून का राज कायम करने, महिलाओं, दलितों, पिछड़े वर्ग और मुसलमानों पर होने वाले अत्याचारों पर रोक लगाने की मांग की गई। इसके साथ ही सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयासों पर प्रभावी रोक लगाने तथा सहारनपुर की मस्जिद को पुनः स्थापित कराने की मांग उठाई गई। मस्जिद तोड़े जाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, महंगाई और भ्रष्टाचार पर अंकुश तथा पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। इस मौके पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव रामप्रकाश, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कॉमरेड मोतीलाल, एडवोकेट राज, कॉमरेड रामचंद्र, जिला सचिव कॉमरेड रामकृष्ण हेगड़े, कॉमरेड पुरनलाल, सुमन सिंह चौहान, जगदेव भाई, शिबबागो, नेम सिंह एडवोकेट, राम सुमेर यादव, एडवोकेट प्रमोद, एडवोकेट विनोद व एडवोकेट अतुल कुमार मौजूद रहे।