कोटेदार पर कम तौलकर राशन वितरण का आरोप, लघु खबरों के साथ

  कोटेदार पर कम तौलकर राशन वितरण का आरोप
मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। भिटौरा विकास खण्ड के अंतर्गत ग्राम पंचायत जगतपुर आदिल में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। गांव निवासी शिवम दिवाकर पुत्र रामचन्द्र दिवाकर ने उचित दर विक्रेता शिवसहाय पर कम तौलकर राशन वितरण करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता शिवम दिवाकर का आरोप है कि कोटेदार द्वारा राशन वितरण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक कांटे अथवा मानक बाटों का उपयोग नहीं किया जाता, बल्कि बाल्टी के माध्यम से राशन तौला जाता है। इससे लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन मिल रहा है। आरोप लगाया कि इस व्यवस्था के कारण गांव के कई राशन कार्ड धारकों को नियमित रूप से नुकसान उठाना पड़ रहा है। यह प्रक्रिया सार्वजनिक वितरण प्रणाली के निर्धारित नियमों के विपरीत है। पात्र लाभार्थियों के अधिकारों का हनन करती है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने, राशन वितरण में कम तौल की शिकायतों की सत्यता की जांच करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित कोटेदार के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
————————————– —
 अवैध खनन व परिवहन पर प्रशासन सख्त, कंट्रोल रूम स्थापित
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में उपखनिजों के अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन द्वारा जनपद, तहसील और थाना स्तर पर टास्क फोर्स टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार सक्रिय रहकर अवैध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए संबंधित विभागों एवं टास्क फोर्स टीमों को प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध खनन एवं परिवहन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय कलेक्ट्रेट में 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। नागरिक लैण्डलाइन नंबर 05180-298632 तथा सीयूजी नंबर 9454417876 पर किसी भी समय शिकायत दर्ज करा सकते हैं या सूचना दे सकते हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन या उपखनिजों का अवैध परिवहन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दें। प्राप्त सही सूचना पर जनपदीय, तहसील स्तरीय एवं थाना स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
—————————————– –
  बेशकीमती भूमि पर कब्जा कर रहे ग्रामीण
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। ऐरायां विकास खंड अन्तर्गत धनकामई ग्राम पंचायत में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध निर्माण ग्रामीण कर रहे हैं। कोई अधिकारी कर्मचारी देखने नहीं आ रहे हैं। गाटा संख्या 859 की ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि पर देर रात्रि में निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक हल्का लेखपाल, स्थानीय पुलिस तथा ग्राम प्रधान द्वारा निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी दिए जाने के बावजूद आरोपितों ने काम बंद नहीं किया। मामले की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने मौके पर निर्माण कार्य रुकवाया, लेकिन पुलिस टीम के लौटते ही पुनः चोरी-छिपे निर्माण शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि धनका मई गांव निवासी रोशन लाल पुत्र देवराज एवं देवेंद्र पुत्र रोशन द्वारा काली सड़क से जुड़ी ग्राम समाज की बेशकीमती भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन के मना करने के बाद भी देर रात तक निर्माण कार्य जारी रखा गया। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर ग्राम समाज की भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। थानेदार टीबी सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस भेजी गई है।
————————————– –
 सरकारी भूमि पर कब्जे का प्रयास, प्रशासन ने रुकवाया कार्य
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। ऐरायां विकास खंड की ग्राम पंचायत सुल्तानपुर घोष के मजरे उसरहा का पुरवा में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है। गाटा संख्या 827 (ख), क्षेत्रफल लगभग 1400 वर्ग मीटर, खेल मैदान, राजस्व अभिलेखों में आबादी एवं सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह से कुछ लोगों द्वारा उक्त भूमि पर पक्का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। मामले की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके का निरीक्षण किया तथा स्थानीय थाना पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया। ग्रामीणों के अनुसार गाटा संख्या 827 के खंड क, ख एवं ग तीनों भाग सरकारी भूमि के रूप में दर्ज हैं। आरोप है कि पिछले कुछ सप्ताह से कई लोगों द्वारा भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। फिलहाल राजस्व विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
—————————————– –
 करंट की चपेट में आकर वृद्धा की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम दतौली में रविवार की सुबह फर्राटा पंखा बंद करने के लिए उठी 69 वर्षीय वृद्ध महिला करंट की चपेट में आ गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दतौली गांव निवासी स्व0 राम प्रकाश सिंह की पत्नी कुसुम देवी ने रोज की भांति सुबह उठकर जैसे ही फर्राटा पंखा बंद करना चाहा वैसे ही वह करंट की चपेट में आ गई। जिससे घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाद मृतका के परिजनों में मातम छा गया।
————————————— –
  ट्रैक्टर ने युवक को रौंदा, मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के शांतीनगर जीटी रोड में रविवार की भोर पैदल जा रहे 35 वर्षीय युवक को पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार शहर क्षेत्र के पीरनपुर मुहल्ला निवासी अब्दुल अजीज का पुत्र रईस रविवार की भोर लगभग पांच बजे पैदल टहलने निकला था। बताते हैं कि जब वह शांतीनगर एक निजी अस्पताल के सामने जीटी रोड पर पहुंचा तभी पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने रौंद दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक भाग जाने में सफल रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना की जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के भाई इस्माइल ने दी।
————————————- —
सर्पदंश से युवती की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर में रविवार की सुबह घर के बाहर बैठी 19 वर्षीय युवती को जहरीले सर्प ने डस लिया। इलाज के लिए परिजन हथगाम सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार रसूलपुर गांव निवासी रामू की पत्नी रूपा देवी रविवार की सुबह घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान सर्प ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो पहले उसे हुसैनगंज सीएचसी लाए और बाद में घर वाले उसे हथगाम सीएचसी ले गए। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————– –
    सड़क हादसों में तीन घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के फरीदाबाद टिकरी गांव निवासी नागेन्द्र का 23 वर्षीय पुत्र अनुराग सिंह शनिवार की रात लगभग दस बजे बाइक से रिश्तेदारी में घर आ रहा था तभी बहुआ रोड पर गिरे पेड़ से टकरा गया। जिससे वह घायल हो गया। इसी प्रकार असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव निवासी बाबूलाल का 20 वर्षीय पुत्र कृष्णपाल बाइक से थाने के मनावा गांव गया था। वापस लौटते समय जैसे ही वह मनावा गांव पहुंचा तभी अनियंत्रित होकर गिर जाने से घायल हो गया। इसी तरह थरियांव थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव निवासी भोला का 45 वर्षीय पुत्र राम सिंह बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था तभी मंझिल चौकी के पास चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया। जिससे वह घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *