बदबूदार सप्लाई व जलभराव से लोग बेहाल,गंदे पानी की आपूर्ति से हाहाकार

 देवीगंज में गंदे पानी की आपूर्ति से हाहाकार
– बदबूदार सप्लाई व जलभराव से लोग बेहाल

गूगल से लिया गया चित्र
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। देवीगंज मोहल्ले में आज सुबह जलापूर्ति की पाइपलाइन से गंदा और बदबूदार पानी आने के कारण स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। स्थिति यह है कि इस पानी का उपयोग न तो पीने के लिए किया जा सकता है और न ही नहाने या कपड़े धोने जैसे दैनिक कार्यों में।
राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ज्ञान सिंह एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजा सिंह कछवाह ने बताया कि पाइप लाइन से लगातार आ रहे गंदे पानी से मोहल्ले में संक्रामक बीमारियां फैलने की पूरी आशंका बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जहां भी पाइपलाइन खराब है, उसे अतिशीघ्र दुरुस्त कराया जाए। साथ ही, जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाए। स्थानीय लोगों के अनुसार मोहल्ले में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। बारिश के मौसम में देवीगंज की गलियां पानी से लबालब हैं और नालियां चोक होने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे निवासियों का जीना दूभर हो गया है। इस दौरान भूपेंद्र द्विवेदी, राम शंकर, शिव शंकर, संजू श्रीवास्तव, ननकई गुप्ता, विजय गुप्ता आदि लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जलापूर्ति और सफाई व्यवस्था को जल्द से जल्द ठीक नहीं किया गया, तो वे उग्र रुख अपनाने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *