15 घरों के लोग झेल रहे समस्या, पानी में करंट उतरने से कई लोग हो चुके चोटिल

   घरों के सामने जलभराव से परेशान ग्रामीण, डीएम से लगाई गुहार
– 15 घरों के लोग झेल रहे समस्या, पानी में करंट उतरने से कई लोग हो चुके चोटिल
फोटो परिचय- डीएम को शिकायती पत्र देने के लिए खड़ी महिलाएं।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गाजीपुर कंचनपुरवा में घरों के सामने जलभराव व जल निकासी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब पंद्रह घरों के सामने कच्ची सड़क पर हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में उठानी पड़ती है।

शिकायती पत्र में कल्पना, रीता देवी, श्यामकली, मैना देवी और सूरजकली ने बताया कि घरों से निकलने वाले पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। इससे सड़क पर जलभराव बना रहता है और गंदगी के चलते संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार सात फरवरी को संपूर्ण समाधान दिवस में भी इस समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र दिया गया था। उस समय ग्राम प्रधान ने जेसीबी से खुदाई कराकर पानी निकलवाया था, लेकिन बाद में नाली बंद करवा दी गई। आरोप है कि अब ग्राम प्रधान का कहना है कि उनकी प्रधानी समाप्त हो गई है और अगला प्रधान ही पानी निकासी की व्यवस्था कराएगा। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले बिजली के खंभे से पानी में करंट उतर आया था, जिससे कई लोग चोटिल हो गए थे। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। जलभराव के कारण बच्चों और बुजुर्गों के साथ किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने डीएम से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराकर घरों के सामने जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए तथा सड़क का निर्माण और ऊंचीकरण कराया जाए, जिससे लोगों को जलभराव और आवागमन की समस्या से निजात मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *