संस्कृति कलारंग के लिए चयनित, दिव्या टीवी के लाइव कार्यक्रम में देंगी प्रस्तुति

    पांच साल की आर्या ने संस्कृत मंत्रों से बटोरी वाहवाही
– संस्कृति कलारंग के लिए चयनित, दिव्या टीवी के लाइव कार्यक्रम में देंगी प्रस्तुति
फोटो परिचय- आर्या को गोद में लिए डीएम निधि गुप्ता वत्स।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज — किशनपुर, फतेहपुर। कस्बे की महज पांच वर्षीय प्रतिभावान बेटी आर्या अग्रवाल ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से जिले का नाम रोशन किया है। वैदिक मंत्रों, गणेश स्तुति, शिव तांडव व संस्कृत श्लोकों की शानदार प्रस्तुति से प्रभावित होकर दिव्या टीवी चैनल ने आर्या अग्रवाल का चयन लाइव कार्यक्रम के लिए किया है। उन्हें भारतीय संस्कृति फाउंडेशन के तहत आयोजित होने वाले संस्कृति कलारंग कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

महज पांच वर्ष की उम्र में आर्या जिस बेझिझक अंदाज में वैदिक मंत्रों और संस्कृत श्लोकों का शुद्ध उच्चारण करती हैं, उससे हर कोई प्रभावित है। उनकी प्रस्तुति में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और संस्कृत भाषा की झलक देखने को मिलती है। संस्कृति कलारंग कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संगीत, नृत्य, भक्ति, कला और उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। आर्या की इस उपलब्धि से उनके परिजनों के साथ ही कस्बे के लोगों में भी खुशी का माहौल है। बताया गया कि आर्या का नाम उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान के लिए भी भेजा जाएगा। वहीं शुक्रवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने आर्या अग्रवाल को गोद में लेकर उनकी प्रतिभा की सराहना की और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी ने कहा कि आर्या जनपद की प्रतिभाशाली बेटी हैं। इतनी कम उम्र में उनकी अद्भुत प्रतिभा और संस्कृत मंत्रों के शानदार उच्चारण पर जनपदवासियों की ओर से उन्हें ढेरों शुभकामनाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *