भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

    भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
फोटो परिचय-  श्रीमद भागवत कथा के शुभारंभ पर कलश यात्रा निकालते लोग।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ग्राम पोस्ट टेंडी में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर पूरे गांव में भक्ति एवं श्रद्धा के साथ शोभा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान जय श्रीराम, राधे-राधे और हरि नाम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। धार्मिक ध्वज, भजन-कीर्तन और मंगल गीतों के बीच निकली यात्रा का ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इसके उपरांत कथा स्थल पर विधि-विधान से व्यास पूजन एवं कलश स्थापना कर श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। कथावाचक श्री रामकृष्ण दास जी महाराज ने प्रथम दिवस की कथा में भगवान की महिमा, भक्ति के महत्व तथा मानव जीवन में धर्म के स्थान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर अपने जीवन में सदाचार एवं मानवीय मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। आयोजक अमरनाथ सिंह, गुलाब सिंह, फूल सिंह व बाबू सिंह ने बताया कि कथा का आयोजन सात जून तक प्रतिदिन दोपहर चार बजे से शाम साढ़े सात बजे तक होगा। समापन अवसर पर हवन-पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर अमरनाथ सिंह चौहान, अजय सिंह चौहान, सूर्य प्रकाश सिंह, बचानी सिंह, हरिनारायण सिंह, शिवबरन सिंह, रामबरन सिंह, संजय सिंह, निरंजन सिंह, पप्पू सिंह, अनिल सिंह, सुधांशु सिंह, हिमांशु सिंह, अतर सिंह, मदसूदन सिंह, अजय सिंह, विजय सिंह आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *