व्यापारियों के हितों की रक्षा को लेकर आदर्श व्यापार मंडल की विशेष बैठक संपन्न
व्यापारियों के हितों की रक्षा को लेकर आदर्श व्यापार मंडल की विशेष बैठक संपन्न
व्यापारियों के हितों की रक्षा को लेकर आदर्श व्यापार मंडल की विशेष बैठक संपन्न एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। आदर्श व्यापार मंडल संपूर्ण भारत गर्ग गुट की एक विशेष बैठक का आयोजन संगठन के कार्यालय गर्ग आवास में किया गया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि संरक्षक दिनेश चंद साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक में संगठन के जिला अध्यक्ष, महामंत्री सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर संघर्षरत रहेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ने और सदस्यता अभियान को गांव-गांव तथा वार्ड स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान व्यापारियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कथित शोषण और उत्पीड़न के मुद्दे पर भी गंभीर चर्चा हुई। संगठन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यापारी का किसी विभाग द्वारा उत्पीड़न किया जाता है तो आदर्श व्यापार मंडल उसके समर्थन में हर स्तर पर संघर्ष करेगा। इस प्रस्ताव पर सभी पदाधिकारियों ने सहमति जताते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समस्त वार्डों का गठन कर उनकी सूची राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष को शीघ्र सौंपी जाएगी। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष अभिनव यादव, अमित शरण बॉबी, अभय गुप्ता, अमित सोनी, बबलू सोनी, युवा जिला अध्यक्ष मोहम्मद इमरान, कार्यालय प्रभारी मोहम्मद आहिल, महिला नगर अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, हार्दिक गुप्ता, अशोक यादव मोहमद आशिफ चिश्ती सहित संगठन के विभिन्न फ्रंटल प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।