सर्वाेदय इंटर कॉलेज में छात्रों ने किया प्रदर्शन, पुलिस-प्रशासन के अफसर पहुंचे

 एसी व विज्ञान प्रयोगशाला की मांग पर छात्रों का हल्लाबोल
– सर्वाेदय इंटर कॉलेज में छात्रों ने किया प्रदर्शन, पुलिस-प्रशासन के अफसर पहुंचे
– डीआईओएस समेत अधिकारियों ने सुनी छात्रों की समस्याएं, जांच के बाद दिया भरोसा
फोटो परिचय- कालेज गेट पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाती पुलिस।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। किशनपुर स्थित सर्वाेदय इंटर कॉलेज में सोमवार की सुबह स्कूल खुलते ही छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। एसी, विज्ञान प्रयोगशाला समेत विभिन्न सुविधाओं की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र विद्यालय परिसर में प्रदर्शन पर बैठ गए। अचानक हुए प्रदर्शन से कॉलेज में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

प्रदर्शन की अगुवाई अंकुर सोनकर ने की। छात्रों की मांगों की जानकारी मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, कोतवाल संजय पांडेय, थानेदार मनीष सिंह और सत्यपाल सिंह समेत पुलिस व प्रशासन के अधिकारी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। छात्रों ने विद्यालय में सुविधाओं को लेकर अपनी मांगें अधिकारियों के सामने रखीं, जिनमें एसी और विज्ञान प्रयोगशाला प्रमुख मुद्दे बताए गए। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन से भी व्यवस्थाओं और छात्रों की शिकायतों के संबंध में जानकारी ली। छात्रों की ओर से उठाए गए प्रत्येक मुद्दे को समझने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों की जांच कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान विद्यालय परिसर में पुलिस बल की मौजूदगी रही। अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया। छात्रों की मांगों और विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *