ई-रिक्शा से सोलर पंप तक बैटरियों पर थी नजर, 27 चोरी की बैटरियां बरामद

     बैटरी चोर गिरोह पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, चार दबोचे
– ई-रिक्शा से सोलर पंप तक बैटरियों पर थी नजर, 27 चोरी की बैटरियां बरामद
फोटो परिचय-  पुलिस टीम की गिरफ्त में पकड़े गए अभियुक्त व बरामद बैटरियां।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। ई-रिक्शा व सोलर पंप की बैटरियां चुराकर उन्हें कबाड़ में खपाने वाले अंतरजनपदीय बैटरी चोर गिरोह पर चांदपुर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को मकरंदपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों की 27 छोटी-बड़ी चोरी की बैटरियां बरामद की हैं। इनके अलावा चोरी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें, औजार व 6040 रुपये नकद भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपितों में आकिब पुत्र साबिर निवासी बड़ाकुआं जहानपुर थाना बिंदकी, आमिर पुत्र अजहर निवासी लिंक रोड बिंदकी, जावेद पुत्र गुलाम मोहम्मद निवासी जहानपुर थाना बिंदकी व रवि गुप्ता पुत्र सुरेश चंद्र गुप्ता निवासी मदनपुर थाना राधानगर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपितों ने चांदपुर, जाफरगंज, खागा व सुल्तानपुर घोष के साथ हमीरपुर जनपद के कोतवाली नगर व मौदहा क्षेत्र में बैटरी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई। चांदपुर से शुरू हुई पड़ताल ने कई थाना क्षेत्रों की वारदातों की कड़ियां जोड़ दीं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने चांदपुर क्षेत्र में ई-रिक्शा की चार्जिंग में लगी बैटरियां चोरी करने के साथ ही मौजमदरी स्थित सीमेंट जाली एवं पाप निर्माण फैक्ट्री में ताला तोड़कर पांच बैटरियां, इनवर्टर, ट्रैक्टर जैक और अन्य उपकरण भी चोरी किए थे। इसके बाद मकरंदपुर और रूर क्षेत्र में ई-रिक्शों को निशाना बनाया गया। जाफरगंज में ई-रिक्शा से चार बैटरियां, सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में चार बैटरियां और खागा में बैटरी रिक्शे से चार बैटरियां चोरी करने की घटनाओं का भी पुलिस ने खुलासा किया। खागा क्षेत्र में नौबस्ता रोड स्थित बड़े हनुमान मंदिर परिसर के सोलर पंप सेट के पंप कक्ष का ताला तोड़कर पांच बैटरियां चोरी करने की घटना भी इसी जांच के दायरे में सामने आई। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने बताया कि वे संगठित गिरोह के रूप में सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा, सोलर पंप और अन्य वाहनों की बैटरियां चोरी करते थे। चोरी का माल एकत्र करने के बाद उसे कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धाराओं में बढ़ोतरी की है और आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम के उत्साहवर्धन के लिए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया। कार्रवाई में थाना चांदपुर प्रभारी उ0नि0 बृंदावन राय, चौकी अमौली प्रभारी उ0नि0 अविनाश कुमार मिश्र, उ0नि0 राय साहब यादव, उ0नि0 अंकुर मिश्र, उ0नि0 श्याम बिहारी सिंह, उ0नि0 मो. ताज हसन, हे0का0 अंगद राम, का0 अजय यादव, का0 राज यादव, का0 धीरज कुमार सिंह, का0 पुनीत यादव, का0 श्रीकेश यादव, रि0का0 चंदन मौर्य, रि0का0 अमन कुमार मौर्य और रि0का0 अंकुश यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *