खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगाने पर उद्यान विभाग देगा 10 लाख तक का अनुदान
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगाने पर उद्यान विभाग देगा 10 लाख तक का अनुदान
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगाने पर उद्यान विभाग देगा 10 लाख तक का अनुदान
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — जनपद में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत उद्यान विभाग द्वारा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना एवं उन्नयन के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिला उद्यान अधिकारी आशीष कटियार ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत नई इकाई स्थापित करने अथवा पूर्व से संचालित इकाइयों के उन्नयन हेतु क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी के रूप में परियोजना लागत का 35 प्रतिशत या अधिकतम 10 लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस योजना में मिनी फ्लोर मिल, ऑयल मिल, बेकरी, नमकीन निर्माण, पशु चारा, मुर्गी एवं मछली दाना, चिप्स, पापड़, अचार-मुरब्बा सहित लगभग 30 प्रकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को शामिल किया गया है। अनुदान की राशि इकाई के तीन वर्षों तक सफल संचालन एवं निर्धारित शर्तों की पूर्ति के उपरांत संबंधित बैंक खाते में समायोजित की जाएगी।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनपद स्तर पर जनपदीय रिसोर्स पर्सन (डीआरपी) की नियुक्ति भी की जाती है। इसके लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता स्नातक निर्धारित की गई है तथा परियोजना निर्माण का अनुभव आवश्यक है। प्रत्येक स्वीकृत परियोजना एवं इकाई के सफल संचालन के उपरांत डीआरपी को 20 हजार रुपये प्रति प्रोजेक्ट मानदेय दिया जाएगा।
उन्होंने इच्छुक उद्यमियों एवं डीआरपी पद के अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी कार्यदिवस में कम्पनी बाग परिसर स्थित जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, हमीरपुर में संपर्क कर योजना का लाभ प्राप्त करें।