एसपी ने बकेवर थाने का निरीक्षण कर देखीं व्यवस्थाएं
एसपी ने बकेवर थाने का निरीक्षण कर देखीं व्यवस्थाएं
एसपी ने बकेवर थाने का निरीक्षण कर देखीं व्यवस्थाएं
– जनसुनवाई में अधिकारियों को दिए निष्पक्ष व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
फोटो परिचय- बकेवर थाने का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार को थाना बकेवर का दौरा किया। उन्होंने जहां फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना, वहीं थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना बकेवर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र से आए लोगों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित न्याय और राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक निस्तारण किया जाए। जनसुनवाई के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने थाना बकेवर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, बैरक, पुलिस आवास, विवेचना कक्ष, सीसीटीएनएस कार्यालय, शस्त्रागार, भोजनालय, मिशन शक्ति कक्ष, मालखाना, हवालात सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों से अनुशासन, जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।