प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

 प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
– महिला महाविद्यालय में ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके
फोटो परिचय-  छात्रा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करतीं धाता नगर पंचायत अध्यक्ष।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान और मिशन शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी व सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि धाता नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज रहीं। सेवा संकल्प अभियान के तहत मेरे सपनों का भारत विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं में जनपद के विभिन्न राजकीय, अनुदानित एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के 110 विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। महाविद्यालय स्तर पर आयोजित स्वच्छता, वृक्षारोपण, भाषण, पोस्टर, रील मेकिंग और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव ने प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों के छायाचित्र और वीडियो भी प्रदर्शित किए गए, जिनकी मुख्य अतिथि ने सराहना की। कार्यक्रम के दूसरे चरण में मिशन शक्ति के तहत साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। साइबर क्राइम सेल प्रभारी विद्या यादव और उनकी टीम ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा फर्जी कॉल के माध्यम से होने वाले अपराधों की जानकारी दी। समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्राओं में तकनीकी जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
——————————————– 
    निक्षय दिवस पर क्षय रोगियों को बांटी पोषण सामग्री
– इलाज पूरा होने तक मरीजों को मिलेगी सामग्री
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय दिवस पर गुरुवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में रेडक्रॉस भवन में 51 क्षय रोगियों को पोषण सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया।
मुख्य अतिथि जेल अधीक्षक नागेश सिंह, विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभाकांत सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों को माल्यार्पण कर प्रतीक चिह्न एवं जय श्रीराम अंकित अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने तीन बालिका क्षय रोगियों को पोषण सामग्री प्रदान कर वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की। रेडक्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्यों ने अन्य मरीजों को सामग्री वितरित की। पोषण सामग्री में मूंगफली के दाने, भुने चने, सत्तू, गुड़ और प्रोटीन पाउडर शामिल रहे। आयोजकों ने बताया कि क्षय रोगियों को उनका चिकित्सकीय उपचार पूरा होने तक पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें बेहतर पोषण मिल सके। जेल अधीक्षक नागेश सिंह व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में रेडक्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य डॉ. आरके पांडेय को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए गणेश जी की प्रतिमा और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सोसाइटी के सचिव अजीत सिंह, कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार श्रीवास्तव, आजीवन सदस्य सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, उमेश कुमार श्रीवास्तव, प्रेमचंद्र मौर्य, विभा मिश्रा, सुरेश कुमार श्रीवास्तव, वेदप्रकाश गुप्ता, विनय कुमार, शिवांकन श्रीवास्तव, पुष्पलता श्रीवास्तव, दिलीप कुमार पांडेय, जितेंद्र सिंह, विष्णु श्रीवास्तव और अभिनव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
——————————————– 

   नाले के समीप मिला युवक का शव
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम ढोढ़ियाही के समीप बुधवार की शाम नाले के पास 45 वर्षीय युवक का शव पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर बरामद किया है। वहीं मृतक के भाई के अनुसार किसी जहरीले कीड़े के काटने से मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार ढोढ़ियाही गांव निवासी स्व0 भोला का पुत्र सुमेर शराब पीने का आदी था। बताते हैं कि बुधवार की शाम वह अपने घर से निकल गया था और गांव के समीप नाले के पास उसकी संदिग्ध मौत हो गई। उधर जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बड़े भाई विपिन ने बताया कि उसका भाई शराब पीने का आदी था और शाम को टहलने निकला था हो सकता है कि किसी जहरीले कीड़े के काटने से मौत हुई हो। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
——————————————- 

   युवक को बाइक सवार ने मारी टक्कर, मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गोपालगंज पीएचसी के समीप एनएच-2 में सब्जी लेकर पैदल घर जा रहे 37 वर्षीय युवक को बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिसकी मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव निवासी अनूप कुमार का पुत्र धीरज कुमार बुधवार की शाम सब्जी लेकर घर पैदल आ रहा था तभी गोपालगंज पीएचसी के समीप एनएच-2 में बाइक ने टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गया। उपचार के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। जिसकी उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बड़े भाई अनिल कुमार ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *