आयरन फैब्रिकेशन में प्रशिक्षण, पंद्रह तक करें आवेदन
आयरन फैब्रिकेशन में प्रशिक्षण, पंद्रह तक करें आवेदन
आयरन फैब्रिकेशन में प्रशिक्षण, पंद्रह तक करें आवेदन एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से एक जनपद एक उत्पादयोजना के तहत युवाओं, पारंपरिक शिल्पियों एवं कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आयरन फैब्रिकेशन ट्रेड में दस दिवसीय निःशुल्क कौशल एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रशिक्षार्थियों को विभाग की ओर से अधिकतम 20 हजार रुपये मूल्य तक की उन्नत टूलकिट निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
विभाग ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष व उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। शैक्षिक योग्यता की कोई बाध्यता नहीं रखी गई है। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क एवं अनावासीय होगा। प्रशिक्षण संतोषजनक ढंग से पूरा करने पर प्रशिक्षार्थियों को दो सौ रुपये प्रतिदिन की दर से मानदेय डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद अधिकृत संस्था द्वारा मूल्यांकन कर प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत पिछले दो वर्षों में संबंधित ट्रेड की टूलकिट का लाभ लेने वाले अभ्यर्थी पात्र नहीं होंगे। साथ ही पति-पत्नी में से परिवार के किसी एक सदस्य को ही योजना का लाभ दिया जाएगा।
–——————————————- कैरियर काउंसिलिंग में छात्रों को दी रोजगार पोर्टल की जानकारी एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु कार्यक्रम में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से शनिवार को गया प्रसाद शिक्षण संस्थान इंटर कॉलेज तारापुर असनी भिटौरा में कैरियर काउंसिलिंग कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 68 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर रोजगार और करियर से जुड़ी जानकारी हासिल की।
कार्यशाला में प्रभारी कैरियर काउंसिलिंग शशांक पांडेय ने विद्यार्थियों को सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल, सेवायोजन पोर्टल तथा भारत सरकार के एनसीएस पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन पोर्टलों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के विभिन्न अवसरों, रिक्तियों और करियर संबंधी सेवाओं की जानकारी मिल सकती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज सिंह ने की। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवायोजन कार्यालय की टीम ने धाता और भिटौरा विकासखंड में आयोजित शिविरों में भी प्रतिभाग किया। चंद्र किशोर, शशांक पांडेय और अतुल कुमार ने शिविर में पहुंचे लोगों को विभागीय पोर्टल की जानकारी देने के साथ करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। —————————————— शिक्षा की नींव मजबूत करने को जुटे शिक्षक – सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता की बनाई रणनीति एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। मिशन शिक्षा फतेहपुर की ओर से आयोजित होने वाली सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता को लेकर सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बा स्थित लक्ष्मी मैरिज हॉल में शिक्षकों की बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे शिक्षकों ने प्रतियोगिता में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और परीक्षा की व्यवस्थाओं को लेकर मंथन किया।
प्रतियोगिता के आयोजक एवं ग्राम पंचायत अधिकारी विजय सिंह यादव ने कहा कि ग्रामीण व गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से लगातार दो वर्षों से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता कराई जा रही है। इसका मकसद प्राथमिक, जूनियर और इंटर स्तर के विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के माहौल से परिचित कराना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को साइकिल व अध्ययन सामग्री देकर सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष प्रतियोगिता 18 अक्टूबर को जनपद की सीमा के समीप स्थित स्व. तिलक राज महाविद्यालय में आयोजित होगी। 27 अक्टूबर को प्रेमनगर के लक्ष्मी मैरिज हॉल में परिणाम घोषित करने के साथ पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ पूर्व प्रधानाध्यापक रामपाल पाल, एमएबी कान्वेंट स्कूल के शिक्षक सुशील कुमार नामदेव, जनता इंटर कॉलेज के श्रवण कुमार श्रीवास्तव, अध्यापक संजय सिंह, विवेक सिंह, अतुल कुमार और धीरेन्द्र कुमार समेत क्षेत्र के कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।