ऑटो-टेंपो और टैक्सी समेत 26 वाहनों के चालान,परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
ऑटो-टेंपो और टैक्सी समेत 26 वाहनों के चालान,परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
जालौन में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, ऑटो-टेंपो और टैक्सी समेत 26 वाहनों के चालान
नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों पर चला प्रवर्तन अभियान, वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति किया जागरूक
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जनपद में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
अभियान के ग्यारहवें दिन गुरुवार को विभागीय प्रवर्तन अधिकारियों ने ऑटो, टेंपो और टैक्सी वाहनों को विशेष रूप से जांच के दायरे में लेते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात एवं परिवहन नियमों की अनदेखी करते पाए गए ऑटो, टेंपो और टैक्सी सहित कुल 26 वाहनों के चालान किए गए। अभियान में अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के साथ ही परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
चालकों को निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़े न करने की हिदायत दी गई। विशेष रूप से ऑटो, टेंपो और टैक्सी चालकों को निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने तथा सड़क पर जाम और अवरोध की स्थिति पैदा नहीं करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक और नागरिक का सामूहिक दायित्व है। विभाग ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि जागरूकता और नियमों के प्रति जिम्मेदारी से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।