Warning: opendir(/home/areomziw/azranews.in/wp-content/mu-plugins): Failed to open directory: Permission denied in /home/areomziw/azranews.in/wp-includes/load.php on line 981 नाबालिग से दुष्कर्म व अश्लील फोटो वायरल करने वाले दो गिरफ्तार - Azra News
नाबालिग से दुष्कर्म व अश्लील फोटो वायरल करने वाले दो गिरफ्तार
नाबालिग से दुष्कर्म व अश्लील फोटो वायरल करने वाले दो गिरफ्तार
नाबालिग से दुष्कर्म व अश्लील फोटो वायरल करने वाले दो गिरफ्तार
फोटो परिचय- पुलिस टीम की गिरफ्त में आरोपी। मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हथगांव थाना पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर उसकी अश्लील फोटो खींचकर वायरल करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी और घटना में प्रयुक्त एक एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को हथगांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शाहपुर नहर पुलिया के पास से जसीम पुत्र शहीद अली तथा आकाश पुत्र बनवारी लाल गौतम निवासी ग्राम रामपुर मून थाना हथगांव को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ थाना हथगांव में बीएनएस की विभिन्न धाराओं, पॉक्सो एक्ट तथा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी जसीम के कब्जे से 300 रुपए, जबकि आकाश के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल तथा 270 रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरुण चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक अखिलेश यादव, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका वर्मा, महिला कांस्टेबल वैशाली दुबे, कांस्टेबल रणवीर सिंह, आरक्षी मो. राहिल व कांस्टेबल चालक विनय कुमार शामिल रहे। ————————————– लोकतंत्र सेनानी ने चेयरमैन को दिया ज्ञापन मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। लोकतंत्र रक्षक सेनानी समिति, उत्तर प्रदेश की ओर से नगर में लोकतंत्र सेनानी विजय स्तंभ स्थापित किए जाने की मांग को लेकर नगर पंचायत प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। समिति के प्रदेश महामंत्री नवल किशोर मिश्रा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि केंद्र सरकार ने 25 जून को पूरे देश में लोकतंत्र सेनानी दिवस के रूप में घोषित किया है। इसी क्रम में खागा नगर में भी लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में विजय स्तंभ स्थापित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि खागा नगर पंचायत क्षेत्र में चार लोकतंत्र सेनानी रहे हैं, जिनमें स्वर्गीय श्यामलाल साहू, स्वर्गीय हरीश चंद्र गुप्ता, स्वर्गीय भारत प्रसाद गुप्ता, गजेंद्र सिंह (जीवित) शामिल हैं। वहीं खागा तहसील के कुल 15 लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। समिति का कहना है कि प्रदेश के कई जनपदों में लोकतंत्र सेनानी विजय स्तंभ स्थापित किए जा चुके हैं, इसलिए खागा में भी शीघ्र विजय स्तंभ स्थापित कराया जाए ताकि लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद रख सकें। समिति ने नगर पंचायत प्रशासन से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर विजय स्तंभ निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। इस दौरान प्रदेश महामंत्री नवल किशोर मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों का सम्मान समाज का दायित्व है। ज्ञापन सौंपने के अवसर पर विजय पाल, राममिलन, छेदी लाल, रामलाल, गुलाब सिंह, राधा साहू, कृष्ण सिंह सहित समिति के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। —————————————– – किसानों को कृषि यंत्रों पर मिलेगा भारी अनुदान – 16 जुलाई से 10 अगस्त तक कराएं ऑनलाइन बुकिंग मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। प्रदेश सरकार ने किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (एनएमएएम) के तहत किसान अब कृषि ड्रोन, फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर, फसल अवशेष प्रबंधन यंत्र, दाल मिल, मिलेट प्लांटर, स्प्रेयर समेत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग 16 जुलाई से शुरू हो चुकी है, जो 10 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे तक चलेगी।
उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र ने बताया कि योजना के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन, फसल अवशेष प्रबंधन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम, दलहन मिशन तथा फसल विविधीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। किसानों को कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन, बैच ड्रायर, पॉपिंग मशीन, मक्का शेलर, मिलेट प्लांटर, मानव चालित एवं पावर चालित स्प्रेयर, बखारी और दाल मिल सहित अन्य यंत्रों का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों की बुकिंग विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन की जाएगी। विकास खंड स्तर पर आवेदन किए जाएंगे, जबकि एग्रीगेटर (100 लाख रुपये परियोजना) और सेल्फ प्रोपेल्ड शुगरकेन हार्वेस्टर के लिए राज्य स्तर पर ऑनलाइन आवेदन होंगे। उप कृषि निदेशक ने किसानों से अपील की है कि बुकिंग के दौरान केवल स्वयं या रक्त संबंधी का मोबाइल नंबर ही प्रयोग करें। अन्य मोबाइल नंबर का उपयोग करने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है। योजना, पात्रता, अनुदान और बुकिंग प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। किसान अधिक जानकारी के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं। ————————————— — हाईवे के ढाबों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, लिए चार नमूने – स्वच्छता में मिलीं खामियां, सुधार के दिए निर्देश मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में मिलावटी व असुरक्षित खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को नेशनल हाईवे किनारे स्थित होटल और ढाबों पर सघन जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं गुणवत्ता पर संदेह होने पर चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन व जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय बीएस कुशवाहा के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान महाराजा होटल से आटा, रामदरबार रेस्टोरेंट से अरहर की दाल, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के निस्तारण के क्रम में ग्राम गुरवल खागा से मैक्रोनी तथा किशनपुर रोड स्थित योगेश पाल के दुग्ध वाहन से दूध का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, दिनेश चंद्र, धीरज कुमार दीक्षित, अनुराधा कुशवाह व देवेश मिश्रा मौजूद रहे।