गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो सगे भाई गिरफ्तार

 गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो सगे भाई गिरफ्तार
फोटो परिचय- पुलिस टीम की गिरफ्त में गैंगस्टर आरोपी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खागा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खागा के पर्यवेक्षण में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खागा पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर की सूचना पर मु.अ.सं. 352/2026, धारा 2/3 उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 से संबंधित वांछित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस टीम ने ब्रजेश कुमार उर्फ उमेश त्रिपाठी पुत्र स्व. रामखेलावन निवासी ग्राम सलवन थाना खखरेरू को सिविल लाइंस स्थित कचहरी के पास किराये के मकान के दरवाजे के सामने से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसके सगे भाई मुकेश निवासी ग्राम सलवन थाना खखरेरू को गांव स्थित उसके घर के दरवाजे से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों सगे भाइयों के खिलाफ पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक ब्रजेश कुमार उर्फ उमेश के खिलाफ वर्ष 2010 से लेकर 2026 तक कई मुकदमे दर्ज रहे हैं। इनमें मारपीट, धमकी, मानहानि समेत अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। वर्ष 2020 में उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित मुकदमा भी दर्ज रहा, जबकि वर्ष 2025 में थाना खागा में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट के तहत वर्ष 2026 में मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं मुकेश के खिलाफ भी वर्ष 2010 का मारपीट से संबंधित मुकदमा, वर्ष 2025 का थाना खागा का मुकदमा और वर्ष 2026 में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना खागा संजय कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार यादव, उपनिरीक्षक दिनेश सिंह, हेड कांस्टेबल विजय सिंह, हेड कांस्टेबल आत्माराम मिश्रा, कांस्टेबल अभिषेक यादव, महिला कांस्टेबल मीनाक्षी और महिला कांस्टेबल यामिनी पाल शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *